तेजी से बढ़ रहे हैं आई फ्लू के मामले, बचने के लिए अपनाएं ये सावधानियां!
- Written By: सुनीता पांडे
Photo: Freepik
मुंबई: राजधानी समेत देश के कई राज्य इन दिनों बारिश की चपेट में हैं। कई जगह बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो चुकी है। बारिश, बाढ़ और वातावरण में बढ़ी हुई नमी की वजह से आंखों से जुड़ी बीमारियां भी तेजी से फ़ैल रही हैं। दिल्ली, मुंबई समेत कई राज्यों में आई फ्लू के मरीज बढ़ रहे हैं। अस्पतालों में रोजाना सैकड़ों की संख्या में मरीज भर्ती हो रहे हैं।
आईफ्लू यानि कंजंक्टिवाइटिस को ‘पिंक आई’ के रूप में भी जाना जाता है। यह एक संक्रमण है, जो कंजंक्टिवा की सूजन का कारण बनता है। कंजंक्टिवा क्लियर लेयर होती है, जो आंख के सफेद भाग और पलकों की आंतरिक परत को कवर करती है। मानसून के दौरान कम तापमान और हाई ह्यूमिडिटी के कारण, लोग बैक्टीरिया, वायरस और एलर्जी के संपर्क में आते हैं, जो एलर्जिक रिएक्शन और आई इंफेक्शन जैसे कंजंक्टिवाइटिस का कारण बनते हैं।
संक्रमित लोगों की आंखों से आमतौर पर पूरे दिन पीला-सा चिपचिपा पानी निकलता रहता है। आंखों में खुजली महसूस होती है और पलकें सूज जाती हैं। संक्रमण को दूर करने के लिए बैक्टीरियल कंजंक्टिवाइटिस का इलाज अक्सर एंटीबायोटिक आई ड्रॉप या मलहम से किया जाता है। एलर्जिक कंजंक्टिवाइटिस दोनों आंखों को प्रभावित करता है। जो लोग संक्रमित होते हैं उनकी आंखें लाल हो जाती हैं, लेकिन यह संक्रामक नहीं है।
सम्बंधित ख़बरें
Measles Symptoms: क्या होता है खसरा? बच्चे ही नहीं, बड़ों को भी होता है खतरा, जानें क्या करें और क्या न करें
Sunglasses Buying Tips: कहीं आपका चश्मा सिर्फ स्टाइल तो नहीं? खरीदने से पहले जान लें कौन सा है बेस्ट
भूलकर भी नजरअंदाज न करें आंखों की ये 5 बीमारियां, जीवनभर के लिए छिन सकती हैं रोशनी
मानसून में बढ़ता है आई इन्फेक्शन का खतरा, इन टिप्स के जरिए रखें आंखों का ख्याल
बारिश के दौरान इन बातों का ध्यान रखने से आप आई फ्लू या पिंक आई की समस्या से बच सकते हैं। आई फ्लू के लक्षण दिखने पर बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी तरह की दवा या आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। आंखों से जुड़ी समस्याओं में गलत तरीके से दवाओं का इस्तेमाल करने से आपकी आंखों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
डॉक्टरों के मुताबिक, संक्रमित होने पर अपने चेहरे और आंखों को छूने से बचें। स्वच्छता बनाए रखें। यदि आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जो संक्रमित है, तो उससे दूर रहें। उसके सामान का उपयोग न करें। खासकर संक्रमित व्यक्ति की आंखों के मेकअप से जुड़ी चीजों का इस्तेमाल न करें। जिन लोगों को शुगर है, उन्हें ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है।
आई फ्लू से छुटकारा पाने के लिए आपको अपनी आंखों को गुलाब जल से धोते रहना चाहिए। आई फ्लू में आंखों की जलन और दर्द से छुटकारा पाने के लिए एक गिलास पानी में दो चम्मच शहद मिलाएं, फिर इस शहद के पानी से अपनी आंखें धोएं। तुलसी कई औषधीय गुणों से भरपूर होती है। इसकी कुछ पत्तियों को पानी में भिगोकर रात भर के लिए रख दें। फिर सुबह अपनी आंखों को तुलसी के पानी से धो लें। इससे आंखों को आराम मिलेगा। थोड़े से गुनगुने पानी में आधा चम्मच हल्दी पाउडर मिलाएं। फिर हल्दी वाले पानी में रुई भिगोकर आंखों पर लगाएं। इससे आंखों की गंदगी साफ हो जाएगी और दर्द व जलन से राहत मिलेगी।
