‘आतंकी जेल में रहते हुए बाप बन जाते हैं बाप’, अल्जीरिया में पाकिस्तान पर बरसे ओवैसी

ओवैसी ने अल्जीरिया में अपने संबोधन के दौरान पाकिस्तान पर हमला बोला। उन्होंने आतंकवाद से पाकिस्तान की संलिप्तता का उदाहरण देते हुए आतंकी जकीउर रहमान लखवी का जिक्र किया, जो जेल में रहते हुए एक बेटे का पिता बना था।
‘आतंकी जेल में रहते हुए बाप बन जाते हैं बाप’, अल्जीरिया में पाकिस्तान पर बरसे ओवैसी
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी
Published on: 
Updated on: 

अल्जीयर्स: हैदराबाद से सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला। ओवैसी ने पाकिस्तान की पोल खोलते हुए कहा कि वहां आतंकी जेल में रहते हुए बाप बन जाते हैं।

ओवैसी ऑल पार्टी डेलिगेशन का हिस्सा हैं और इस समय अल्जीरिया में हैं। यहां ओवैसी अल्जीरिया में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान पर जमकर हमला बोला।

आतंकी जेल में रहते हुए बने बाप

अपने संबोधन के दौरान ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान न सिर्फ आतंकवाद को पनाह देता है बल्कि हर प्रकार से उनकी मदद करता है। ओवैसी ने आतंकवादी जकीउर रहमान लखवी का उदाहरण देते हुए कहा कि लखवी नाम का एक आतंकवादी है। दुनिया का कोई भी देश आतंकवाद के आरोप का सामना कर रहे आतंकवादी को जेल से बाहर आने की अनुमति नहीं देगा, लेकिन वह जेल में बैठे-बैठे ही एक बेटे का बाप बन गया।

उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान को FATF की ग्रे लिस्ट में डाल दिया गया तो मुकदमा तुरंत आगे बढ़ गया। ओवैसी ने इस बात पर जोर दिया कि कैसे अंतरराष्ट्रीय दबाव ने पाकिस्तान को कुछ समय के लिए कार्रवाई करने के लिए मजबूर किया था।

पाकिस्तान को नियंत्रण में लाना जरूरी

ओवैसी ने पाकिस्तान को FATF की ग्रे लिस्ट में शामिल किए जाने की अपील करते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान को फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) की ग्रे लिस्ट में वापस डाल दिया जाए तो भारत में आतंकवादी घटनाओं में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि यह अब सिर्फ दक्षिण एशिया का मामला नहीं रह गया है। हम दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। अगर हालात ऐसे ही रहे तो क्या होगा? क्या आप चाहते हैं कि यह तबाही दक्षिण एशिया के अन्य हिस्सों में भी फैले? उन्होंने आगे कहा कि आतंकवाद दो चीजों पर टिका है- विचारधारा और पैसा। विचारधारा के बारे में आप अच्छे से जानते हैं।

ओवैसी ने भारत और अल्जीरिया के बीच बढ़ते रिश्तों को लेकर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि हमने नवंबर 2024 में रक्षा क्षेत्र में समझौता (MoU) किया है। मुझे पूरा यकीन है कि इससे आपसी समझ बढ़ेगी और हमारे रिश्ते और मजबूत होंगे। उम्मीद है कि हमारे प्रधानमंत्री बहुत जल्द अल्जीरिया आएंगे और अल्जीरिया के राष्ट्रपति भारत का दौरा करेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com