झारखंड हादसे में सभी ने गंवाई जान, उड़ान के 23 मिनट बाद रडार से हुआ था गायब, खराब मौसम बना कारण!
Air Ambulance Crash: झारखंड के चतरा में सोमवार शाम एक एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हृदयविदारक हादसे में गंभीर रूप से झुलसे एक मरीज, मेडिकल टीम और दो पायलटों समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस चतरा के जंगलों में क्रैश, फोटो- सोशल मीडिया
Jharkhand Air Ambulance Crash: रांची से दिल्ली के लिए जीवन की उम्मीद लेकर उड़े सात लोगों का सफर चतरा के जंगलों में एक बड़े हादसे के साथ खत्म हो गया। खराब मौसम के बीच ‘रेड बर्ड एविएशन’ का एयर एंबुलेंस विमान सोमवार शाम सिमरिया के पास क्रैश हो गया, जिसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
झारखंड की राजधानी रांची से सोमवार शाम एक एयर एंबुलेंस ने उड़ान भरी, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही यह काल के गाल में समा गई। रेड बर्ड एविएशन का बीचक्राफ्ट C-90 विमान रांची एयरपोर्ट से शाम 7:11 बजे रवाना हुआ था। विमान में 41 वर्षीय मरीज संजय कुमार सवार थे, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था।
उड़ान भरने के 23 मिनट बाद रडार से गायब
उड़ान भरने के महज 23 मिनट बाद यानी शाम 7:34 बजे विमान का संपर्क कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से टूट गया। क्रैश से ठीक पहले पायलटों ने खराब मौसम की वजह से रास्ता बदलने की अनुमति मांगी थी, लेकिन इसके तुरंत बाद विमान रडार से गायब हो गया। विमान की अंतिम लोकेशन चतरा जिले की कसरिया पंचायत के पास दर्ज की गई थी।
सम्बंधित ख़बरें
Giridih Roof Collapse: गिरिडीह में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरा, मलबे में दबकर मां-बेटे की मौत
झारखंड में देवर-भाभी का दर्दनाक अंत! एक ही घर में फंदे से लटके मिले दोनों के शव
झारखंड एनकाउंटर: रामगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में प्रिंस खान गैंग का शूटर घायल, 60 कारतूस और 4 पिस्तौल बरामद
सावधान! घर से निकलने से पहले देख लें मौसम का हाल, IMD ने इन राज्यों के लिए जारी किया भारी बारिश का अलर्ट
हादसे में जान गंवाने वाले 7 लोग: कौन-कौन था सवार?
चतरा के सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ के घने जंगलों में हुए इस हादसे ने सात परिवारों को उम्र भर का गम दे दिया है। जिला प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, मरने वालों में शामिल हैं:
• कैप्टन विवेक विकास भगत (पायलट)
• कैप्टन सबराजदीप सिंह (को-पायलट)
• संजय कुमार (मरीज)
• अर्चना देवी और ध्रुव कुमार (मरीज के परिजन)
• डॉ. विकास कुमार गुप्ता (डॉक्टर)
• सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिक)
मरीज संजय कुमार लातेहार जिले के चंदवा के रहने वाले थे और 65% जलने (बर्न इंजरी) के कारण रांची के देवकमल अस्पताल में भर्ती थे। उनके परिवार ने उन्हें बेहतर सुविधा के लिए दिल्ली शिफ्ट करने का निर्णय लिया था, जिसके लिए एयर एंबुलेंस का इंतजाम किया गया था।
अब तक क्या पता चला?
जंगलों में कान फोड़ देने वाली आवाज और धुएं का गुबार उठते देख स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री जी. और एसपी के निर्देश पर पुलिस बल और आपदा प्रबंधन की टीमों ने रात में ही सर्च ऑपरेशन शुरू किया। एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल ने पुष्टि की है कि तलाशी अभियान के दौरान दुर्घटनास्थल से सभी सातों शव बरामद कर लिए गए हैं।
#WATCH चतरा, झारखंड | सिमरिया ब्लॉक में एयर एम्बुलेंस क्रैश पर, DC कीर्तिश्री जी ने कहा, “यह आंधी-तूफान की वजह से क्रैश हुआ… डॉक्टरों की टीम ने उन्हें मृत पाया। कुल 7 लोग मारे गए हैं। दो क्रू मेंबर थे, और बाकी 5 एक मरीज़ और मरीज़ के परिवार के सदस्य थे…” https://t.co/qJtLfwhXU3 pic.twitter.com/tahTKbWBcT — ANI_HindiNews (@AHindinews) February 24, 2026
आंधी-तूफान के कारण क्रैश: चतरा डीसी
चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री ने बताया कि खराब मौसम और आंधी-तूफान की वजह से विमान क्रैश हुआ। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की टीम ने सभी को मृत घोषित किया। हादसे में दो क्रू मेंबर, एक मरीज और मरीज के चार परिजन समेत कुल सात लोगों की जान गई।
यह भी पढ़ें: झारखंड में उड़ान भरते ही क्रैश हुई एयर एंबुलेंस, विमान में सवार थे 7 लोग, सामने आया हादसे का दर्दनाक VIDEO
विमानन नियामक डीजीसीए (DGCA) ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है। हालांकि प्राथमिक तौर पर खराब मौसम को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, लेकिन तकनीकी खराबी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। गौरतलब है कि जिस बीचक्राफ्ट C-90 मॉडल का यह विमान था, उसकी सुरक्षा को लेकर अतीत में भी कई सवाल उठ चुके हैं।
