'टेररिज्म नहीं रोक सकता टूरिज्म', पहलगाम में सीएम अब्दुल्ला ने ठोंका सीना, मनोज सिन्हा ने पाकिस्तान को चेताया

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपने सहयोगियों के साथ पहलगाम में कैबिनेट बैठक की। इस दौरान सीएम ने आतंकवाद और टूरिज्म को लेकर बड़ी बात कही। वहीं उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी पाकिस्तान को चेतावनी दी।
'टेररिज्म नहीं रोक सकता टूरिज्म', पहलगाम में सीएम अब्दुल्ला ने ठोंका सीना, मनोज सिन्हा ने पाकिस्तान को चेताया
मुख्यमंत्री उमर उब्दुल्ला में पहलगाम की तस्वीर शेयर की (सोर्स: सोशल मीडिया@OmarAbdullah)
Published on
Updated on

श्रीनगर: मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को अपने सहयोगियों के साथ पहलगाम में कैबिनेट बैठक की, जिसमें पर्यटन को पुनर्जीवित करने और आगामी अमरनाथ यात्रा सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के अलावा सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की किश्त जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री सकीना इड्डू ने कहा कि बैठक में पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की गई, जिसमें 22 अप्रैल को 26 लोग मारे गए थे। उन्होंने कहा कि बैठक प्रभावित परिवारों को यह संदेश देने के लिए आयोजित की गई थी कि हम उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा हुई है।

सीएम अब्दुल्ला ने शेयर की तस्वीर

कैबिनेट की बैठक के लिए पहलगाम आने के बाद यहां के पर्यटन को लेकर कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की।

खाद्य आपूर्ति मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि आगामी अमरनाथ यात्रा सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यहां के लोग बहादुर हैं। हमने पहले भी इस तरह के आतंकी हमलों का सामना किया है और फिर से उनका सामना करेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन को पुनर्जीवित करने के प्रयास जारी हैं।

पर्यटन स्थलों को खोले जाने के संदर्भ में पूछे गए सवाल के जवाब में सकीना इड्डू ने कहा कि कश्मीर कभी बंद नहीं हुआ। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यह सिर्फ कैबिनेट बैठक तक सीमित नहीं है। हम यहां स्थानीय लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करने आए हैं। हम उन सभी पर्यटकों का भी शुक्रिया अदा करने आए हैं जो धीरे-धीरे कश्मीर और पहलगाम की ओर लौट रहे हैं।

आतंकियों को पालना बंद नहीं किया तो भुगतेगा पाक

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि यदि पाकिस्तान ने आतंकियों को पालना बंद नहीं किया, तो भविष्य में भी इसके लिए उसे कीमत चुकानी होगी। भारत ने आतंकी देश पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि अगर उसने फिर आतंकी हमला किया तो इस बार हमारी सेना उसे और कड़ा सबक सिखाएगी। ऐसे में उसका धरती से अस्तित्व ही मिट सकता है। सिन्हा ने युवाओं से आग्रह किया कि वे देश की सेवा करने और इसके विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए आगे आएं।

अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा

रूरल डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के सेक्रेटरी असद एजाज ने बालटाल का दौरा किया। उन्होंने यहां अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अमरनाथ यात्रा-2025 के लिए बालटाल में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। असद एजाज ने बताया कि यहां 7,500 से अधिक कर्मचारी तैनात किए गए हैं। 7,600 से अधिक शौचालय स्थापित किए गए। 24/7 निगरानी और क्यूआर कोड फीडबैक सिस्टम का निर्देश दिया। जीरो-लैंडफिल और त्वरित शिकायत निवारण का आह्वान किया। मेला खीर भवानी की सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की।

खत्म हो गया कश्मीर में डर का माहौल : फारूक

जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम और नेशनल कॉन्फ्रेंस के चीफ फारूक अब्दुल्ला का कहना है कि कश्मीर में अब डर का माहौल काफी हद तक खत्म हो गया है, उन्होंने देश भर के लोगों से आग्रह किया कि वे कश्मीर में खूबसूरती का आनंद लेने के लिए आएं।

अब्दुल्ला ने विदेश मंत्रालय से आग्रह किया कि वह जम्मू-कश्मीर की यात्रा के खिलाफ कुछ देशों की ओर से जारी निगेटिव ट्रैवल गाइडलाइन को रद्द कराने का प्रयास करे। सीनियर लीडर ने पर्यटक रिसॉर्ट का दौरा किया और कुछ मित्रों के साथ पहलगाम गोल्फ कोर्स में गोल्फ खेला।

पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि यहां (पहलगाम हमला) जो हुआ वह बहुत दुखद है, ऐसा नहीं होना चाहिए था। लोग यहां खुशी-खुशी आ रहे थे। लोग अपने काम में व्यस्त थे, वे सरकारी नौकरी नहीं मांग रहे थे। पहलगाम में स्थिति ऐसी थी कि यहां कमरे उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने कहा कि हालांकि हमले से भय का माहौल पैदा हुआ है, लेकिन सरकार ने घाटी में सुरक्षा स्थिति सुधारने के लिए कुछ कदम उठाए हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com