'रिश्ते मजबूत बनाने में आपने कोई कसर नहीं छोड़ी...', CM उमर अब्दुल्ला ने जमकर की 'मामा' की तारीफ, देखें VIDEO

Shivraj Singh Chouhan 'Mama': मध्यप्रदेश के लोगों ने मामा के तौर पर तस्लीम किया, तो उनका ये तस्लीम करना गलत नहीं था। मामा का आपको जो लगा हुआ टैग है ये बिल्कुल आपको जंचता है।
'You left no stone unturned in strengthening relationships...' — CM Omar Abdullah heaps praise on his 'Mama'; Watch VIDEO
उमर अब्दुल्ला, शिवराज सिंह चौहान (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Omar Abdullah On Shivraj Singh Chouhan 'Mama': श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (SKICC) में मंगलवार को नए ग्रामीण विकास परियोजनाओं के शुभारंभ का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की खूब तारीफ की। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रदेश का शुभचिंतक और सच्चा मित्र बताया। बता दें कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान श्रीनगर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3,550 करोड़ की लागत से बनने वाले 330 नई सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस परियोजना के तहत राज्य में करीब 1600 किमी लंबी सड़कें बनाई जाएंगी।

मामा का टैग जंचता है- उमर अब्दुल्ला

प्रदेश के सीएम उमर अब्दुल्ला ने संबोधन में शिवराज सिंह चौहान के बारे में बोलते हुए कहा कि आपको जब मध्यप्रदेश के लोगों ने मामा के तौर पर तस्लीम किया, तो उनका ये तस्लीम करना गलत नहीं था, क्योंकि जो आप जम्मू-कश्मीर के लिए कर रहे हैं, उसका अगर 50 फीसदी भी मध्यप्रदेश के लिए किया होगा तो ये मामा का आपको जो लगा हुआ टैग है ये बिल्कुल आपको जंचता है। हमने भी आपको इसी अंदाज में ना सिर्फ देखा है, बल्कि कबूल भी किया है। इस रिश्ते को और मजबूत बनाने में आपने कोई कसर नहीं छोड़ी है।

योजनाओं में आएगी पारदर्शिता

कार्यक्रम को संबोधित करते समय सीएम उमर अब्दुल्ला ने मंच से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को मामा कहकर संबोधित किया, जोकि काफी वायरल हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के लोग उन्हें मामा कहकर बुलाते हैं। उमर अब्दुल्ला ने बताया कि इन परियोजनाओं के लिए मिले फंड को उनकी सरकार सही से पारदर्शी तरीके से उपयोग करेगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार, जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने बताया कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

8,000 करोड़ की परियोजना मिली

इस दौरान सीएम अब्दुल्ला ने बताया कि पिछले डेढ़ साल में राज्य को पीएमजीएसवाई के तहत लगभग आठ हजार करोड़ की परियोजनाएं मिली हैं। आने वाले महीनों में इन परियोजनओं पर काम भी शुरू कर दिया जाएगा। भाषण में उन्होंने राज्य के लोगों को भरोसा दिलाया कि काम की प्रगति से संतुष्ट होने के बाद वे और अधिक परियोजनाओं की मंजूरी के लिए केंद्र सरकार से संपर्क करेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com