जम्मू-कश्मीर विधानसभा बनी अखाड़ा! खामेनेई के पोस्टर पर बवाल, राहुल गांधी को 'पप्पू' कहने पर भिड़े विधायक

BJP vs Congress: J&K विधानसभा में भारी हंगामा! अयातुल्ला खामेनेई के पोस्टर और राहुल गांधी पर 'पप्पू' वाली टिप्पणी को लेकर भिड़े भाजपा-कांग्रेस विधायक। उमर अब्दुल्ला ने ईरान पर युद्ध थोपने की निंदा की।
Jammu and Kashmir Assembly Turns into a Battleground! Uproar over Khamenei Posters; MLAs Clash over Calling Rahul Gandhi 'Pappu'.
जम्मू-कश्मीर विधानसभा बनी अखाड़ा(Image- Social Media)
Updated on

J&K Assembly Ruckus: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शुक्रवार को ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत को लेकर हंगामा देखने को मिला। नेशनल कॉन्फ्रेंस के कुछ नेता खामेनेई की तस्वीर लेकर सदन में पहुंचे और उनके समर्थन में नारे लगाए। उन्होंने पोस्टर भी लहराए। इसी दौरान सदन में कांग्रेस और बीजेपी नेताओं के बीच धक्का-मुक्की का वीडियो भी सामने आया।

हालांकि, यह विवाद भाजपा नेताओं द्वारा राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी से शुरू हुआ। कांग्रेस विधायक इरफान हाफिज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इसके जवाब में भाजपा विधायक युद्धवीर सेठी ने कहा, “राहुल गांधी पप्पू हैं,” जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई।

PM मोदी के खिलाफ लगे नारे

सत्र की शुरुआत होते ही सदन का माहौल उस समय गरमा गया जब कुछ विपक्षी सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ तीखी नारेबाजी शुरू कर दी। वीडियो में ‘नरेंद्र मोदी हाय-हाय’ और ‘मुर्दाबाद’ जैसे नारे साफ सुनाई दे रहे हैं। कांग्रेस विधायकों द्वारा नारे लगाए जाने के बाद, कांग्रेस विधायक इरफान हाफिज लोन और भाजपा विधायक युधवीर सेठी के बीच टकराव की स्थिति बन गई।

नारों का विरोध करते हुए भाजपा विधायक अपनी सीटों से खड़े हो गए और कड़ा ऐतराज जताने लगे। जवाब में युधवीर सेठी ने कहा, “राहुल गांधी पप्पू हैं,” जिसके बाद मामला और भड़क गया।

मार्शलों ने किया बीच-बचाव

नारेबाजी के बीच कांग्रेस और भाजपा के विधायक आमने-सामने आ गए। वीडियो में दिखता है कि कई सदस्य अपनी सीटों से उठकर पीछे तक पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ विधायकों ने गुस्से में कागज फाड़कर उछाल दिए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

हालात बिगड़ते देख विधानसभा के मार्शलों और सुरक्षाकर्मियों को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने बीच में आकर दोनों पक्षों के विधायकों को अलग किया और काफी प्रयास के बाद स्थिति पर काबू पाया।

ईरान पर यह युद्ध थोपा गया

ईरान से जुड़े मुद्दे पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जिस तरह ईरान पर यह युद्ध थोपा गया, उसका समर्थन कोई नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह मानवता की हत्या हुई और अयातुल्ला खामेनेई के साथ उनके कई सहयोगी और करीबी रिश्तेदार मारे गए, उसकी जितनी निंदा की जाए कम है।

ईरान के साथ खड़ी है नेशनल कॉन्फ्रेंस

वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक तनवीर सादिक ने कहा कि उनकी पार्टी और जम्मू-कश्मीर की सरकार ईरान के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जैसे पहले भी सीएम उमर अब्दुल्ला ने खामेनेई की हत्या की निंदा की थी, उसी तरह आज भी वे इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी देश को दूसरे देश पर हमला करने का अधिकार नहीं है और देश की शीर्ष नेतृत्व को इसकी निंदा करनी चाहिए।

Navbharat Live
navbharatlive.com