जम्मू-कश्मीर के राजौरी में ऑपरेशन के दौरान शहीद हुए कैप्टन बीरेश्वर गोस्वामी, देश के लिए दिया सर्वोच्च बलिदान

Captain Bireswar Goswami: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकियों के खिलाफ चल रहे बड़े ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेना के कैप्टन बीरेश्वर गोस्वामी शहीद हो गए।
Army officer martyred while battling terrorists; operation underway in Rajouri.
कैप्टन बीरेश्वर गोस्वामी (सोर्स सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Captain Bireswar Goswami Martyr: जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिले राजौरी से एक दुखद और राष्ट्र को भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है। आतंकियों के खात्मे के लिए पिछले दो सप्ताह से चल रहे एक सघन सैन्य अभियान 'ऑपरेशन शेरवाली' के दौरान भारतीय सेना के एक जांबाज अधिकारी कैप्टन बीरेश्वर गोस्वामी शहीद हो गए हैं। कैप्टन गोस्वामी भारतीय सेना की '05 असम' यूनिट के सदस्य थे और मंजीकोट क्षेत्र के दुर्गम जंगलों में अपनी टीम का नेतृत्व कर रहे थे।

खराब मौसम के बीच हादसा

यह घटना उस समय हुई जब सुरक्षा बल राजौरी के मंजीकोट और डोरी माल मुगलान क्षेत्र के घने जंगलों में आतंकियों की तलाश कर रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान बेहद खड़ी पहाड़ी जमीन, घने जंगलों और चुनौतीपूर्ण मौसम के कारण कैप्टन गोस्वामी का संतुलन बिगड़ा और वह एक गहरी खाई में गिर गए। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि उनके साथी जवानों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि उन्होंने दम तोड़ दिया

15 दिनों से जारी है 'ऑपरेशन शेरवाली'

राजौरी के इन जंगलों में 'ऑपरेशन शेरवाली' पिछले 15 दिनों से लगातार जारी है। इस बड़े आतंकवाद-रोधी अभियान की शुरुआत तब हुई थी, जब 15 दिन पहले डोरी माल मुगलान के जंगलों में आतंकियों ने सेना की एक पेट्रोलिंग पार्टी पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी। तब से सेना, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीमें इस पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन (CASO) चला रही हैं। सुरक्षा बलों को आशंका है कि इस दुर्गम इलाके में अभी भी कई आतंकी छिपे हुए हैं। जिसके चलते अतिरिक्त बलों को भी मौके पर तैनात किया गया है।

व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

कैप्टन बीरेश्वर गोस्वामी के सर्वोच्च बलिदान पर सेना के नगरोटा स्थित व्हाइट नाइट कॉर्प्स (16 कोर) ने गहरा दुख व्यक्त किया है। कॉर्प्स के जीओसी और सभी रैंक के जवानों ने शहीद अधिकारी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। सेना द्वारा जारी बयान में कहा गया कि कैप्टन गोस्वामी की कर्तव्यनिष्ठा, अटूट साहस और देश के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा हमेशा अन्य सैनिकों और देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी

Navbharat Live
navbharatlive.com