झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें दिल्ली-राजस्थान सहित पूरे देश का मौसम अपडेट

Heavy Rain Alert India: बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम से झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट। जानें दिल्ली, यूपी, राजस्थान और पूरे देश का मौसम अपडेट।
Heavy rain alert for several states, including Jharkhand; check weather updates for the entire country, including Delhi and Rajasthan.
बारिश से जनजीवन प्रभावित होते हुए (सोर्स मीडिया)
Updated on

Weather Update: भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, 17 जुलाई को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश और कई अन्य इलाकों में बारिश होने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 जुलाई तक कई स्थानों पर वर्षा का दौर जारी रह सकता है। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में 22 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

झारखंड में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी

आपको बता दें कि बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और उससे जुड़े साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अब झारखंड में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने अनुमान लगाते हुए बताया कि 17 जुलाई को गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, राजधानी रांची में दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में मध्यम बारिश भी हो सकती है।

इतना ही नही 18 जुलाई को गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी भारी बारिश का अनुमान है। राज्य के अन्य जिलों में भी बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में अगले कुछ दिन कम रहेगी बारिश

रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान में फिलहाल दक्षिण-पश्चिम मानसून का असर कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 5 से 6 दिनों तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम में नमी बने रहने की संभावना है। हालांकि, जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में लोगों को तेज बारिश से राहत मिलेगी, लेकिन गर्मी और उमस बनी रह सकती है।

दिल्ली में गर्मी के बीच हल्की बारिश के आसार

मौसम विभाग ने मीडिया को बताया कि 17 जुलाई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। लोगों को दिनभर गर्मी और उमस परेशान कर सकती है। जबकि आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। 18 जुलाई को भी मौसम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है और इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है।

अरुणाचल प्रदेश में कई दिनों तक होगी तेज बारिश

अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में 17 से 20 जुलाई के बीच अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि, 21 और 22 जुलाई को अरुणाचल प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने के आसार भी नजर आ रहे हैं।

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बरसेंगे बादल

मौसम विभाग के मुताबिक, 17 से 22 जुलाई के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और तेलंगाना के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा, केरल, लक्षद्वीप और माहे में भी इस अवधि के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com