चंद सेकेंड में मलबे ने सबकुछ निगला, वायनाड में फिर कुदरत का खौफनाक तांडव! देखें दिल दहला देने वाला VIDEO

Wayanad Landslide Update: केरल के वायनाड में कंस्ट्रक्शन साइट पर हुए भूस्खलन में 3 की मौत। मलबे की चपेट में आने से कई घायल, 8 को बचाया गया। प्रशासन ने प्रभावितों के लिए राहत शिविर बनाया।
Wayanad Landslide
वायनाड भूस्खलन (Image- Social Media/Screen Capture)
Published on
Updated on

Wayanad Landslide Video: केरल के वायनाड में एक बार फिर कुदरत का कहर देखने को मिला है। वायनाड में हुई लैंडस्लाइड ने एक बार फिर कई जिंदगियां लील लीं हैं। बारिश के बीच कंस्ट्रक्शन साइट पर हुए भूस्खलन में 3 लोगों की मौत हो गई है और कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। इस हादसे की कई भयावह वीडियो भी सामने आए हैं। वीडियो में कुदरत के कहर की भयावहता दिख रही है। चंद सेकेंड के भीतर दलदली मलबा बहकर आगे बढ़ते हुए सड़क पर मौजूद गाड़ियों-लोगों को अपनी चपेट में ले लेता है।

टैंकर से बची कई लोगों की जान

हादसे के दौरान एक टैंकर लोगों के लिए 'सुरक्षा कवच' की तरह काम आया। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला किसी तरह ठीक टैंकर के नीचे से निकलते हुए बची है। वहीं मलबे के बहाव से जहां टैंकर रुका वहीं मलबा भी फैल कर रुक गया। भूस्खलन के बाद वायनाड में राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।

आठ लोगों को बचाया गया

केरल सरकार के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र से अब तक आठ लोगों को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए मेप्पाडी स्थित WIMS अस्पताल में एडमिट कराया गया है। घायलों को जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और अन्य मलबे में फंसे लोगों के बचाने का काम किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों को राहत शिविर में भेजा गया

स्थानीय प्रशासन ने आपदा से प्रभावित लोगों के लिए चुलिक्का सरकारी एलपी स्कूल में राहत शिविर बनाया है। भूस्खलन से प्रभावित इलाके में रहने वाले परिवारों को एहतियातन उनके घरों से निकालकर इस शिविर में भेजा जा रहा है, जिससे उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा जा सके।

प्रशासन ने बताया कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। स्थानीय प्रशासन, आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मिलकर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com