विष्णु देव साय होंगे छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री, भूपेश बघेल ने दी बधाई

Vishnu Deo Sai and Bhupesh Baghel
Published on
Updated on

रायपुर. छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ आदिवासी नेता विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। यहां रविवार को पार्टी पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में पार्टी के नव निर्वाचित विधायकों के दल ने साय को अपना नेता चुना। इसी बीच कांग्रेस नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें बधाई दी।

बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, "कुनकुरी विधायक, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री विष्णु देव साय जी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएँ।"

कांग्रेस नेता टी.एस. सिंह देव ने कहा, "मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। अब वे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में काम करेंगे। हम उम्मीद करेंगे कि सरगुजा के साथ ही पूरे छत्तीसगढ़ के विकास के लिए वे कार्य करेंगे और विकास की दृष्टि से जो क्षेत्र पीछे रह गए हैं उन्हें प्राथमिकता देंगे..."

जनता से किए वादे करेंगे पुरे

मुख्यमंत्री के रूप में चयन होने के बाद विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की जनता से किए गए वादे पुरे करने का वादा किया। उन्होंने कहा, "मैं पूरी ईमानदारी के साथ सबके विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा। मुख्यमंत्री के नाते हमारी प्राथमिकता होगी कि हम लोगों ने जो चुनावी घोषणा पत्र ‘मोदी की गारंटी’ के तहत जनता से जो भी वादे किए गए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। सबसे पहला काम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख मकान की स्वीकृति करना होगा। 25 दिसंबर को अटल जी का जन्मदिवस है, उस दिन राज्य के सभी कृषकों के खाते में 2 साल का बोनस दिया जाएगा।"

मोदी मंत्रिमंडल में थे साय

रायपुर में भाजपा के नवनिर्वाचित 54 विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद रविवार दोपहर को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में विष्णु देव साय के नाम की घोषणा की गई। उन्होंने कुनकुरी विधानसभा सीट पर कुल 87,604 वोटों से जीत हासिल की। देव साय ने पहले मोदी मंत्रिमंडल में केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री और 16वीं लोकसभा में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ निर्वाचन क्षेत्र के सांसद सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया है। वह 2020 से 2022 तक बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 में से 54 सीट जीती हैं। पिछले चुनाव 2018 में 68 सीट जीतने वाली कांग्रेस इस बार 35 सीट पर सिमट गई है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) राज्य में एक सीट जीतने में कामयाब रही।

Navbharat Live
navbharatlive.com