केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का राहुल पर हमला, 'देश लोकतंत्र के हिसाब से चलता है'

Union Minister Lallan Singh: केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने राहुल गांधी के एटम बम वाले बयान पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि देश लोकतंत्र के हिसाब से चलता है।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह (सौजन्य ians)
Published on: 
Updated on: 

Union Minister Lallan Singh : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक दिन पहले चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’का आरोप लगाया। संसद परिसर में बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमारे पास वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर एटम बम है, वह जब फटेगा तो चुनाव आयोग कहीं नहीं दिखेगा। उनके इस बयान को लेकर सियासी घमाशन मचा हुआ है। बीजेपी के नेता लगातार राहुल गांधी को निशाने पर ले रहे हैं। अब केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि देश लोकतंत्र के हिसाब से चलता है।

राहुल गांधी के आरोप पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग ने मतदाता सत्यापन के लिए 11 वैध दस्तावेज सूचीबद्ध किए हैं, जो संविधान के अनुरूप हैं। संविधान स्पष्ट करता है कि केवल भारतीय नागरिक ही वोट दे सकते हैं। संविधान किसी बाहरी या फर्जी मतदाता को वोट देने का अधिकार नहीं देता है। एसआईआर की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से की गई है। अगर किसी को आपत्ति है कि उसका वोट कट गया है तो उसके पास एक माह का वक्त है, आपत्ति दर्ज करा सकता है।

ललन सिंह ने राहुल गांधी पर कसा तंज

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी पहले संविधान की किताब लेकर घूमते थे, संविधान की दुहाई देते थे, संविधान के अनुसार चलने की बात करते थे, लेकिन अब संविधान विरोधी बातें कर रहे हैं। क्या वह नहीं चाहते हैं कि देश का वैध मतदाता ही चुनाव की प्रक्रिया भाग लें। क्या वह गैर-नागरिकों या फर्जी मतदाताओं को वोटिंग का अधिकार दिलाना चाहते हैं। अगर वह ऐसा चाहते हैं तो उन्हें खुलकर अपनी बात कहनी चाहिए। क्योंकि जिस तरह से वह लगातार आयोग की निष्पक्षता पर सवाल कर रहे हैं, यह गुमराह करने का प्रयास है, देश की जनता उनके इस रैवये को देख रही है।

तेजस्वी यादव पर साधा निशाना

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के उस बयान पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि उनका वोट काटा गया। ललन सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव ऐसी राजनीति करते हैं, उन्हें तथ्यों की कोई चिंता नहीं है। वह बिना तथ्यों के राजनीति करते हैं। जब चुनाव आयोग ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है, तो किसी के स्पष्टीकरण की क्या आवश्यकता है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com