लापरवाही बनी काल, फरीदाबाद में पानी से भरे अंडरपास में फंसी SUV, दो बैंक कर्मियों की मौत
ओल्ड फरीदाबाद के रेलवे अंडरपास में पानी भरे होने के कारण एक कार पानी में फंस गई जिससे उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई। मरने वाले दोनों व्यक्ति पेशे से बैंक कर्मचारी थे। घटना के वक्त ये लोग ग्रेटर फरीदाबाद स्थित अपने घर लौट रहे थे।
- Written By: रीना पंवार
(सौजन्य सोशल मीडिया)
फरीदाबाद (हरियाणा) : ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास में पानी भरे होने के कारण एक कार पानी में फंस गई जिससे उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई। घटना को लेकर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मरने वाले दोनों व्यक्ति पेशे से बैंक कर्मचारी थे। पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार देर रात हुई जब ये लोग ग्रेटर फरीदाबाद स्थित अपने घर लौट रहे थे।
हादसे को लेकर शनिवार को पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त कार सवार पुण्याश्रय शर्मा (48) और विराज (26) गुरुग्राम से ग्रेटर फरीदाबाद स्थित अपने घर लौट रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को हुई भारी बारिश के कारण अंडरपास जलमग्न हो गया था।
पुलिस ने अंडरपास की तरफ जाने से किया था मना
इस दौरान एहतियात के तौर पर कारों को अंडरपास की तरफ नहीं जाने की चेतावनी भी दी जा रही थी। पुलिस ने रेलवे अंडर ब्रिज के पास बैरिकेडिंग भी कर रखी थी और चेतावनी बोर्ड भी लगा रखे थे। पुलिस ने इन दोनों लोगों को भी इस रास्ते से जाने के मना किया था।
सम्बंधित ख़बरें
ड्रीम कार का सपना टूटा: डिलीवरी के एक घंटे बाद जलकर राख हुई करोड़ों की फेरारी
बेटे की अस्थियां विसर्जित करने प्रयागराज जा रहा था परिवार, डंपर से टकराई कार…चार की मौत
घर में बलि देकर हो रही थी दावत की तैयारी, पूजा करके घर लौट रहे पटेल परिवार के 4 लोगों की हादसे में दर्दनाक मौत, बच गया बलि का बकरा
नोएडा में लेम्बोर्गिनी हुई दुर्घटनाग्रस्त, तो कोर्ट में पहुंचा मामला; दो लोग हो गए थे घायल, आरोपी को ऐसे मिली जमानत
कार सवारों ने चेतावनी को किया नजरअंदाज
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीती शुक्रवार रात करीब 11:50 बजे एसयूवी 700 में सवार ये दोनों लोग सभी चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए पानी से भरे इस अंडरपास में घुस गई और गहरे पानी में फंस गई। अंडरपास में पानी ज्यादा था जिससे कुछ ही देर में पानी वाहन में घुस गया। पुलिस ने बताया कि इस दौरान आस-पास मौजूद राहगीरों ने कार में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकालने की काफी कोशिश की और काफी प्रयास के बाद उन्हें बाहर भी निकाल लिया गया लेकिन 26 वर्षीय विराज की मौके पर ही मौत हो गई।
पानी में डूबने से दोनों की मौत
पुलिस ने बताया कि कार सवार दूसरे व्यक्ति पुण्याश्रय शर्मा को जब बाहर निकाला गया तब उसकी सांस चल रही थी जिसके बाद उसे तुरंत पास के बादशाह खान सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर एनआईटी फरीदाबाद थाना प्रभारी समीर सिंह ने बताया कि मृतकों के परिवारों को हादसे के बारे में सूचित कर दिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
