

Fishermen Issue In Tamil Nadu: टीवीके प्रमुख और साउथ के मशहूर अभिनेता विजय ने मछुआरों के मुद्दों को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने अपने भाषण में डीएमके पर जमकर निशाना साधा, साथ ही उन्होंने तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन पर भी डायरेक्ट अटैक किया। इसके अलावा विजय ने उनकी फिल्म जननायगन की रिलीज को लेकर भी प्रतिक्रिया दी।
टीवीके के प्रमुख विजय ने अपने भाषण में कहा कि जब भी समुद्र में मछुआरे पकड़े जाते हैं तब मुख्यमंत्री एक पत्र लिख देते हैं और फिर चुप हो जाते हैं। उन्होंने साफ कहा कि पत्र लिखने से काम नहीं चलेगा, इस मुद्दे पर केंद्र सरकार पर सच्चा और भावनात्मक दबाव बनाना जरूरी है।
विजय ने उनकी फिल्म जननायगन पर उठे विवादों पर भी सीधा जवाब दिया उन्होंने कहा कि करूर में जो आरोप लगाए गए और उनकी फिल्म की रिलीज तक जो माहौल बनाया गया, उस पर कई लोगों ने आवाज उठाई। विजय ने बताया कि मुख्यमंत्री ने भी इस मुद्दे पर अप्रत्यक्ष रूप से अपनी बात रखी थी। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री समेत सभी संबंधित लोगों का आभार जताया। साथ ही कहा कि वह खुलकर अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री की वर्तमान मनःस्थिति को लेकर वह कोई अनुमान नहीं लगा सकते।
विजय ने अपने भाषण में एक बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि कुछ लोग चेन्नई में रहकर दिल्ली के नारे लगाते हैं लेकिन जब छापेमारी होती है तब दिल्ली के लिए सफेद चाता पकड़ते हुए नजर आते हैं, साथ ही उन्होंने कहा कि लोगों को पता है कि वह लोग कौन हैं।
टीवीके चीफ विजय ने अपने भाषण में एक नारा भी दिया उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे भी कहने लगे हैं, ओम शक्ति, परा शक्ति, DMK एक बुरी शक्ति है. उन्होंने कहा कि तमिल, तमिल, तमिलनाडु कहने से ही सब कुछ नहीं होता।
तमिलनाडु के राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विजय अपने बयानों से डीएमके सरकार पर निशाना साधने के अलावा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपनी पार्टी टीवीके का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में अब देखने वाली बात यह होगी कि विजय के इन बयानों का तमिलनाडु की राजनीति में कितना असर पड़ता है।