Aaj Ka Mausam: इन राज्यों में भीषण आंधी-बारिश का अलर्ट, 100 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; IMD की चेतावनी

Today Weather Update: भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी और बिहार समेत कई राज्यों में अगले कुछ घंटों के लिए भारी बारिश और 100 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
Today's Weather: Alert for severe storms and rain in these states; winds to gust at 100 kmph – IMD warning.
आज का मौसम, फोटो- नवभारत
Published on
Updated on

IMD  Today Weather Update News In Hindi: उत्तर भारत के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम विभाग ने बड़ी चेतावनी जारी की है। IMD की रिपोर्ट अनुसार, अगले 4 से 6 घंटों के भीतर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार और पंजाब समेत देश के कई राज्यों में तूफानी आंधी और बारिश की संभावना है। मौसम में यह अचानक बदलाव एक ओर तेजी से आगे बढ़ रहे दक्षिण-पश्चिम मानसून और दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण देखने को मिल रहा है।

100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि इस दौरान धूलभरी आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश होगी। सबसे बड़ी चिंता हवा की गति को लेकर है, जो 60 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। विशेष रूप से उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में 13 जून तक मौसम का यह उग्र रूप जारी रहने की उम्मीद है। इस मौसमी बदलाव के कारण उत्तर भारत में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे तपती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली समेत नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 11 और 12 जून को पूरे दिल्ली-NCR में धूलभरी आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट है। इन इलाकों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस बदलाव से तापमान में बड़ी गिरावट आएगी। जहां 11 जून को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं 12 जून तक यह गिरकर 34-36 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।

उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए विशेष अलर्ट

उत्तर प्रदेश में लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे जिलों में 13 जून तक मौसम सक्रिय रहेगा। पश्चिमी और पूर्वी यूपी में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। वहीं बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली और पूर्णिया समेत कई जिलों में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान है।

अन्य राज्यों की स्थिति

राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी ओलावृष्टि और तेज आंधी का अलर्ट है। पंजाब के अमृतसर और लुधियाना जैसे शहरों में पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ देखा जाएगा। इसके अतिरिक्त, झारखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की ओर तेजी से बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियों में है। दक्षिण भारत के राज्यों में अगले 5 से 7 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए IMD ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com