मौसम समाचार (कॉन्सेप्ट फोटो)
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई इलाकों में फिर से कड़ाके की ठंड दस्तक देने वाली है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 23 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 22 जनवरी को राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश हो सकती है।
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक 22 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। बुधवार-गुरुवार को हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना है, जबकि उसके बाद 27 जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा।
स्थानीय मौसम कार्यालय ने मंगलवार को बताया कि हंसा और काजा में क्रमश: 2.5 सेंटीमीटर और 0.8 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। जहां तक दिल्ली-एनसीआर की बात है तो यहां 23 जनवरी के बाद ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि 24 जनवरी को सुबह के समय ज्यादातर जगहों पर कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, कुछ जगहों पर सुबह के समय घना कोहरा भी छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 18 जबकि न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
मंगलवार को हरियाणा और पंजाब में ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। हिसार, करनाल, रोहतक, नारनौल, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान क्रमश: 8.3 डिग्री, 8 डिग्री, 9.3 डिग्री, 7.8 डिग्री, 9.5 डिग्री और 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम से संबंधित अन्य ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। लुधियाना में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है, जबकि पटियाला में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री दर्ज किया गया।
पठानकोट, गुरदासपुर, फिरोजपुर और मोहाली में भी सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान क्रमश: 8.6 डिग्री, 8 डिग्री, 8.1 डिग्री और 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, बठिंडा और फरीदकोट में न्यूनतम तापमान क्रमश: 6.4 डिग्री और 6.6 डिग्री सेल्सियस रहने के साथ ठंडी रात रही।