Weather Update: दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में गर्मी से राहत, कई राज्यों में सता रही लू; जानें आपके शहर का हाल

Today Weather Forecast: देश के कई राज्यों में मौसम ने करवट ली है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और यूपी समेत कई राज्यों में बारिश और तेज आंधी के कारण मौसम सुहावना हो गया है। जानें आपके राज्य का मौसम।
imd rainfall forecast weather alert
प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

IMD Weather Alert: कहीं तेज बारिश और आंधी-तूफान से लोगों ने राहत की सांस ली, तो कई राज्यों में पारा परवान चढ़ा हुआ है। कई राज्यों में लोगों ने राहत की सांस ली है तो कई राज्यों में झुलसाने वाली गर्मी रिकार्ड तोड़ने पर आमादा है। हाल ही में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

पिछले 48 घंटों से दिल्ली और उससे सटे हुए राज्यों में मौसम में कुछ नरमी देखी गई है। लेकिन ये नरमी बहुत दिनों तक नहीं रहने वाली है। हाल ही में मौसम विभाग ने नया अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार देश के सभी राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ने का अंदेशा है।

दिल्ली-एनसीआर समेत इन राज्यों में राहत

दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और यूपी के अधिकतम जिलों में गर्मी से राहत देखने को मिली है। इसके साथ ही कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु में भी बारिश के चलते राहत महसूस की गई। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी चल रही हवाओं ने मौसम को ठंडा बना दिया है। आज दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी संभव है। अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना जताई जा रही है। पंजाब और हरियाणा में भी आईएमडी ने हल्की बारिश का अनुमान लगाया है। इन सभी राज्यों में 30-40 KMPH की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम

राजस्थान में मौसम दो धड़ों में बंटा हुआ दिखाई दे रहा है। एक तरफ पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो यहां लू चलने की संभावना जताई जा रही है वहीं दूसरी ओर पूर्वी जिलों में मौसम थोड़ा बदला हुआ नजर आ सकता है। यहां आंधी और बादल छाने की संभावना जताई गई है।

कैसा रहेगा यूपी और एमपी का मौसम?

यूपी और एमपी में मौसम विभाग ने मिलाजुला असर दिखने की संभावना जताई है। यूपी के कई जिलों में बादल छाने और तेज हवा चलने की संभावना जताई है तो कहीं आंधी के साथ हल्की बारिश की आशंका भी जताई गई है। लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर और वाराणसी के आस पास के जिलों में पारा 40 डिग्री के आस पास रहने का पूर्वानुमान है। बात करें एमपी की तो भोपाल, इंदौर और आस-पास के शहरों में मौसम बदलता दिखाई दे रहा है। इन इलाकों में आंधी के साथ हल्की बारिश देखने को मिलेगी।

पहाड़ों पर कैसा रहेगा मौसम?

हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम अच्छा है। आज हल्की बारिश की संभावना इन इलाकों में भी जताई गई है। यहां भी पारा सामान्य से 2 डिग्री तक नीचे रहने की उम्मीद है।

गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिण

बात करें गुजरात और महाराष्ट्र की तो यहां मौसम गर्म रहने की संभावना जताई गई है। कई जिलों में पारा 42 डिग्री या इससे ऊपर जाने का पूर्वानुमान है। अगले कुछ दिनों तक इन इलाकों में राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है। बात करें दक्षिण की तो कर्नाटक और केरल के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com