गर्मी का द एंड! दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में मानसून की एंट्री, IMD ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

Today Weather: उत्तर भारत में भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की रफ्तार बढ़ने से अगले 3-4 दिनों में दिल्ली, यूपी और बिहार में भारी बारिश की संभावना है।
An end to the heat! Monsoon arrives in Delhi, UP, and other states; IMD issues heavy rain alert.
आज का मौसम, फोटो - नवभारत डिजाइन
Published on: 
Updated on: 

Today Weather IMD Rai Alert: जून का महीना खत्म होने को है और उत्तर भारत के तमाम राज्य जैसे दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे हैं। लेकिन अब मौसम की बेरुखी खत्म होने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से सुस्त पड़ा दक्षिण-पश्चिम मानसून अब एक बार फिर रफ्तार पकड़ने की तैयारी में है।

उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अब पूरी तरह अनुकूल बन गई हैं।

मानसून की अभी क्या है स्थिति?

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी तक पहुंच चुकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ दिनों में यह उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और राजस्थान के और अधिक हिस्सों तक पहुंच जाएगा।

हालांकि देश के कई हिस्सों में अब तक बारिश सामान्य से कम रही है, लेकिन वैज्ञानिकों का मानना है कि जुलाई की शुरुआत से मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा, जिससे उत्तर और मध्य भारत में अच्छी बारिश होगी।

दिल्ली-एनसीआर में कब गिरेगा तापमान?

देश की राजधानी दिल्ली में 29 जून को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि मानसून अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि आज दिल्ली के कुछ इलाकों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। लेकिन बड़ी राहत 30 जून से 2 जुलाई के बीच मिलने वाली है, जब तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी और मानसूनी गतिविधियां तेज हो जाएंगी।

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज दो तरफा रहने वाला है। पूर्वांचल के कई जिलों में 29 जून को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को भारी बारिश के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा।

बिहार और झारखंड में भी अलर्ट

इसी तरह बिहार और झारखंड में भी 29 जून से मानसून की गतिविधियां बढ़ने लगेंगी। झारखंड में 29 जून से 4 जुलाई तक बारिश का अनुमान जताया गया है, जबकि बिहार के कई जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में आज से मौसम करवट लेगा और अगले चार से पांच दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि भारी बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बना रहता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com