आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 66वां जन्मदिन, PM मोदी समेत कई मंत्रियों ने दी बधाई

नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 66वें जन्मदिन पर आज उन्हें बधाई दी। इस मौके पर कई नेताओं ने राष्ट्रपति मुर्मू को उनके जन्मदिन पर बधाई दी।
NARENDRA MODI , DRAUPADI MURMU
PM मोदी -राष्ट्रपति मुर्मू
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 66वें जन्मदिन पर आज उन्हें बधाई दी और उनकी अच्छी सेहत व लंबे जीवन की कामना की। PM मोदी ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा और समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है। गरीबों और हाशिए पर पड़े लोगों की सेवा करने पर उनका ज्ञान और जोर एक मजबूत मार्गदर्शक शक्ति है।''

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उनकी जीवन यात्रा करोड़ों लोगों को उम्मीद देती है। उनके अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए भारत हमेशा उनका आभारी रहेगा। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।'' मुर्मू का जन्म 20 जून 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव में एक संथाली आदिवासी परिवार में हुआ था। उन्होंने 25 जुलाई 2022 को राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। इससे पहले वह झारखंड की राज्यपाल थीं।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी 'X' पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी है। अमित शाह ने लिखा, 'राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। राष्ट्र सेवा व समाज के हर वर्ग के कल्याण के प्रति आपका समर्पण प्रेरणीय है। प्रशासनिक व जनसेवा के क्षेत्र में आपके अनुभव का लाभ देश को मिल रहा है। मैं आपके स्वास्थ्यपूर्ण सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।'

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी 'X' पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा कि जनसेवा, राष्ट्र सेवा व समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण हेतु सतत समर्पित मा। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!भगवान श्री जगन्नाथ जी से आपके सुदीर्घ व सुयशपूर्ण जीवन और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना है।गौरतलब है कि, देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचने वाली राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपनी सादगी पूर्ण जीवनशैली और पहनावे के कारण सहज ही आकर्षित करती हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com