तेलंगाना: पेद्दापल्ली में ट्रेन हादसा, मालगाड़ी के 11 डिब्बे बेपटरी, 20 ट्रेन रद्द, यात्री हलकान

तेलंगाना से मिली बड़ी खबर के अनुसार यहां के पेद्दापल्ली जिले में एक मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने के कारण वहां 20 यात्री ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। फिलहाल एक्सप्रेस, सुपरफास्ट, यात्री और मालगाड़ियां लाइन के विभिन्न स्थलों पर भी फंसी हैं।
तेलंगाना के पेद्दापल्ली में ट्रेन हादसा
तेलंगाना के पेद्दापल्ली में ट्रेन हादसा
Published on: 
Updated on: 

हैदराबाद: तेलंगाना से मिली बड़ी खबर के अनुसार यहां के पेद्दापल्ली जिले में एक मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने के कारण वहां 20 यात्री ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। इस बाबत दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार देर रात लौह अयस्क ले जा रही मालगाड़ी के 11 डिब्बे राघवपुरम और रामागुंडम के बीच पटरी से उतर गए।

खबर है कि कर्नाटक के बेल्लारी से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जा रही मालगाड़ी के राज्य होकर गुजरने के दौरान अचानक यह बड़ा हादसा हुआ है। इस असमायिक दुर्घटना के चलते दिल्ली-चेन्नई मुख्य रेलवे लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रुक गया है और दोनों तरफ की ट्रेनों को भी फिलहाल रोक दिया गया है। एक्सप्रेस, सुपरफास्ट, यात्री और मालगाड़ियां लाइन के विभिन्न स्थलों पर भी फंसी हैं।

वहीं मामले पर SCR जोन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने के कारण 20 यात्री ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जिनमें से चार ट्रेन आंशिक रूप से रद्द की गईं और 10 के मार्ग में परिवर्तन किया गया। इसके अलावा दो ट्रेनों का समय बदल दिया गया और तीन को गंतव्य पर पहुंचने से पहले रोक दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पटरी को दुरुस्त करने और रेल यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं। ट्रेन सेवाओं में व्यवधान के कारण यात्रियों को देरी और अन्य कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इधर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अरुण कुमार जैन से सीधे बात की और यात्रियों की असुविधा में कमी लाने के लिए त्वरित कार्रवाई का उनसे आग्रह भी किया। वहीं रेलवे अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आज सुबह तक सामान्य परिचालन बहाल करने की कोशिश भी जारी हैं। इस बीच, दक्षिण मध्य रेलवे (SCR ) ने यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं और रेल यातायात को भी बहाल करने के प्रयास जारी हैं। (एजेंसी इनपुट के साथ)