2027 में किसी नए दल से गठबंधन नहीं, 'इंडिया ब्लॉक' ही करेगा BJP का मुकाबला; अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान

Akhilesh Yadav 2027 Election: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 2027 चुनाव के लिए नए दलों के साथ गठबंधन की संभावनाओं को खारिज करते हुए कहा कि इंडिया ब्लॉक और PDA ही बीजेपी का मुकाबला करेगा।
Akhilesh Yadav's big announcement: No alliance with any new party in 2027, only 'India Block' will contest BJP
अखिलेश यादव (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Akhilesh Yadav 2027 Election: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है। जयपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा प्रमुख ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी अब किसी नए दल से गठबंधन नहीं करेगी, बल्कि मौजूदा इंडिया ब्लॉक के साथ ही चुनाव में उतरेगी। आगामी विधानसभा चुनाव में पीडीए (PDA) ही बीजेपी को हराने के लिए मुख्य मोर्चा संभालेगा।

इंडिया ब्लॉक ही करेगा BJP का मुकाबला

अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव में किसी नए गठबंधन की संभावनाओं को सिरे से नकार दिया। उन्होनें स्पष्ट किया कि मौजूदा इंडिया ब्लॉक ही 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में BJP का मुकाबला करेगी। इस दौरान अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी अलग-अलग समय में कई पार्टियों से गठबंधन में रही, हमारे पास इसका काफी अनुभव है, लेकिन इस बार यूपी चुनाव में बीजेपी का मुकाबला कोई गठबंधन नहीं, बल्कि एक 'समुदाय' करेगा, और यह समुदाय PDA (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) का होगा।

सपा प्रमुख ने योगी को बताया नकली संत

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का समर्थन करते हुए अखिलेश ने कहा कि वे नकली संतों से संघर्ष कर रहे हैं, समाजवादी पार्टी उनका पूरा सम्मान करती है। इस दौरान अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बगैर कहा कि, अजय सिंह बिष्ट नकली संत हैं। जो दूसरों से प्रमाण मांग रहे हैं, उनके पास खुद कोई प्रमाण नहीं है। अब तो लगता है कि जल्द ही 'नकली संत' पर भी कोई वेब सीरीज बन जाएगी।

SIR पर लगाया गड़बड़ी का आरोप

अखिलेश ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वोटर लिस्ट (मतदाता सूची) पुनरीक्षण के दौरान ग्रामीण इलाकों की तुलना में शहरी इलाकों से ज्यादा नाम काटा गया। इसके लिए बीजेपी ने बड़े पैमाने पर साजिश रची थी। अखिलेश यादव ने कहा कि मैं खुद लखनऊ जाकर फाइनल वोटर लिस्ट की समीक्षा करूंगा।

फिल्म 'धुरंधर' पर भाजपा को घेरा

हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'धुरंधर' पर बीजेपी को घेरते हुए अखिलेश ने कहा कि बीजेपी से जुड़े लोगों ने काल्पनिक बातों को फिल्मों के जरिए वास्तविकता की तरह पेश किया, लेकिन जनता ने 'धुरंधर' का जवाब 'धुआंधार' तरीके से दिया।

इस दौरान बिहार में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम पर बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार को रिटायरमेंट की राह पकड़ा दी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com