

नई दिल्ली: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें पेट से जुड़ी समस्याओं के चलते रविवार को रात करीब 9 बजे भर्ती करवाया गया है। फिलहाल उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
इससे पहले 7 जून को भी उनकी तबियत अचानक बिगड़ गई थी। तब उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि तब कहा गया था कि उन्हें बस नियमित जांच के लिए भर्ती करवाया गया था और कुछ देर बाद ही कांग्रेस नेता को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।
सोनिया गांधी हाल के महीनों में एक से ज्यादा बार अस्पताल में भर्ती हो चुकी हैं। फरवरी में भी उन्हें पेट से जुड़ी समस्याओं के चलते गंगाराम अस्पताल के गैस्ट्रो विभाग में भर्ती कराया गया था। वहीं जब वह शिमला में भर्ती हुई थीं तब मामूली जांच की बात कही गई थी।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रमुख सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने कहा था कि उन्हें कुछ मामूली स्वास्थ्य समस्याओं के कारण नियमित जांच के लिए ले जाया गया था। हालांकि बाद में आईजीएमसी के एक डॉक्टर ने भी पुष्टि की थी कि उनका रक्तचाप सामान्य से थोड़ा अधिक था, लेकिन उन्हें कहा गया था कि वह पुरी तरह से ठीक हैं और उनकी स्थिती सामान्य और स्थिर है।
हाल के वर्षों में सोनिया गांधी को स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं का सामना करना पड़ा है। कुछ महीने पहले उन्हें पेट की समस्या के चलते दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फरवरी में भी उन्हें एक दिन के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां वे गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञों की निगरानी में रहीं।