

Karnataka Political Crisis Updates: कांग्रेस शासित राज्य कर्नाटक में पिछले कई दिनों से सत्ता परिवर्तन की अटकलें चल रही हैं। इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आज राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मिलेंगे। मुख्यमंत्री के राज्यपाल से मिलने की खबर आने के बाद इन चर्चोओं ने जोर पकड़ लिया है कि सिद्धारमैया जल्द मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
वहीं, मंगलावर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में छह घंटे चली बैठक के बाद बंगलुरु पहुंचे सीएम सिद्धारमैया ने मंत्रिमंडल के सभी सहयोगियों को गुरुवार यानी आज नाश्ते पर आमंत्रित किया है। चर्चा है कि सीएम सिद्धारमैया बैठक में मंत्रिमंडल के सहयोगियों से चर्चा करके अपने फैसले का ऐलान करेंगे।
कांग्रेस विधायक आर. वी. देशपांडे मीडिया से बातचीत में बताया कि मुख्यमंत्री ने पहले ही इस्तीफा देने का फैसला कर लिया है और हो सकता है कि वे कल (गुरुवार) इस्तीफा दे दें। विधायक चाहते थे कि वे पद पर बने रहें, लेकिन उन्होंने कहा कि मैंने आलाकमान को अपना वचन दे दिया है। अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला आलाकमान करेगा
इस बीच, कांग्रेस के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला मीडिया से बात करते हुए बताया कि जैसा कि के.सी. वेणुगोपाल ने कल कहा था, फिलहाल कांग्रेस पार्टी ने विधायक दल की कोई बैठक नहीं बुलाई है। अभी तक कोई और फैसला भी नहीं लिया गया है। जैसे-जैसे हालात बदलेंगे, हम आपको जानकारी देंगे। मैं कर्नाटक के हर भाई-बहन, हर कन्नड़ भाषी को यह भरोसा दिलाना चाहता हूं कि हम जो भी फैसला लेंगे, वह सिर्फ कर्नाटक की जनता के हित में ही होगा।
इन दावों के बीच कर्नाटक सरकार में मंत्री एचके पाटिल ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की है। पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री के सामने हमने अपनी चिंताएं जाहिर कीं, लेकिन वो चुप रहे। वहीं प्रदेश सरकार में PWD मंत्री सतीश जारकीहोली ने आज मुख्यमंत्री के यहां नाश्ते वाली बैठक पर कहा कि मुख्यमंत्री की नाश्ते पर होने वाली बैठक के बाद सब सामने आ जाएगा।
उन्होंने बताया कि नाश्ते पर होने वाली बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से होने वाली चर्चा और आगे योजना के बारे में मुख्यमंत्री जानकारी देंगे। तब तक हम सभी को इंतजार करना पड़ेगा।