शेयर बाजार के लिए शुक्रवार का दिन रहा सबसे बुरा, सेंसेक्स 1688 अंक लुढ़का, निफ्टी 17,100 के नीचे पहुंचा

Today Share Market, Share Market Update, Share Market
कारोबार में गिरावट (Share Market)
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: शेयर बाजारों (Share Market) में शुक्रवार को बड़ी गिरावट आयी और बीएसई (BSE) सेंसेक्स (Sensex) 1,688 अंक लुढ़क गया। कोविड-19 वायरस (Corona Virus) के नये वेरिएंट (New Variant) को लेकर चिंता के बीच वैश्विक बाजारों (International Markets) में बिकवाली के साथ घरेलू बाजार में गिरावट आयी। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,687.94 अंक यानी 2.87 प्रतिशत का गोता लगाकर 57,107.15 अंक पर बंद हुआ।

इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 509.80 अंक यानी 2.91 प्रतिशत लुढ़क कर 17,026.45 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में छह प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ इंडसइंड बैंक सर्वाधिक नुकसान में रहा। इसके अलावा, मारुति, टाटा स्टील, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी और टाइटन में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में डा. रेड्डीज और नेस्ले इंडिया शामिल हैं। कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी शोध प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा कि कोविड-19 महामारी को लेकर चिंता बढ़ने से बाजार में इस सप्ताह तेज गिरावट रही।

सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में इस सप्ताह करीब चार प्रतिशत की गिरावट आयी। दोनों सूचकांक अपने उच्चतम स्तर से करीब आठ प्रतिशत नीचे आ गये हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘कोविड-19 के नये वेरिएंट से फिर से ‘लॉकडाउन' और यात्रा पाबंदी को लेकर चिंता बढ़ रही है। इसके अलावा दुनिया के कई देशों के लिये मुद्रास्फीति चिंता का कारण बनी हुई है। इस सप्ताह विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध बिकवाल रहे। आने वाले दिनों में शेयर बाजार की दिशा कोविड-19 के नये वेरिएंट, मुद्रास्फीति आंकड़ा और केंद्रीय बैंक की नीतियों से तय होगी।''

एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक, हांगकांग का हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया कॉस्पी और जापान का निक्की 2.67 प्रतिशत तक नुकसान में रहें। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर के कारोबार के दौरान 3.51 प्रतिशत तक की गिरावट आयी। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 5.62 प्रतिशत टूटकर 77.60 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। 

Navbharat Live
navbharatlive.com