मुंबई के साकीनाका में सनसनीखेज वारदात, बॉयफ्रेंड ने ऑटोरिक्शा में की गर्लफ्रेंड की हत्या

Mumbai Murder
प्रतीकात्मक तस्वीर
Published on: 
Updated on: 

मुंबई. महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई (Mumbai) में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। साकी नाका (Saki Naka) में खैरानी रोड (Khairani Road) पर ऑटोरिक्शा के अंदर एक महिला की उसके बॉयफ्रेंड ने हत्या कर दी। आरोपी ने ऑटो में महिला से कहासुनी के बाद उसका गला रेत दिया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान 30 वर्षीय पंचशीला जामदार (Panchshila Jamdar) के रूप में हुई है, जो साकीनाका के चांदीवली में संघर्षनगर इलाके की रहनेवाली थी। जबकि आरोपी दीपक बोरसे (Deepak Borse) है।

एक पुलिस अधिकारी के अनुसार मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों की टीम ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि दीपक ने चलते ऑटोरिक्शा के अंदर पंचशीला का गला रेत दिया। जिसके बाद पंचशीला बचने के लिए गाड़ी से उतरी लेकिन कुछ दूर बाद नीचे गिर गई। वहीं, आरोपी ने कथित तौर पर उसी तेज धार वाले हथियार से अपनी गर्दन पर वार कर आत्महत्या करने का भी प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक राहगीरों ने इस घटना के बारे में पुलिस को सूचित किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पास के एक अस्पताल में पहुंचाया, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं आरोपी ठीक है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच चल रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com