

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में एक यात्री टेंपो-ट्रेवलर अनियंत्रित होकर उफनती अलकनंदा नदी में जा गिरा। ट्रेवलर में 19 लोग सवार थे, जिनमें अब तक दो लोगों की मौत होने की सूचना है। वहीं 11 लोग पानी में बह गए। आठ लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भी घटनास्थल पर पहुंचने की सूचना है।
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के उदयपुर से एक परिवार के 17 लोग टेंपो-ट्रेवलर से चारधाम यात्रा पर निकले थे। गुरुवार को वे लोद केदारनाथ दर्शन के बाद बदरीनाथ दर्शन के लिए निकले थे। लेकिन ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर घोलतीर के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे अलकनंदा नदी में जा गिरा। हादसे के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने बताया कि वाहन में राजस्थान के उदयपुर के एक ही परिवार के 17 सदस्य सवार थे। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, अब तक नौ लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जिनमें से दो की मौत हो चुकी है। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। आठ घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है, जिनमें कई छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
हादसे को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा, जनपद रुद्रप्रयाग में एक टेंपो ट्रैवलर के नदी में गिरने का समाचार अत्यंत दुखद है। एसडीआरएफ सहित अन्य बचाव दलों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।
पुलिस की दी जानकारी के अनुसार, दीपिका सोनी (42), हेमलता सोनी (45), ईश्वर सोनी (46), अमिता सोनी (49), सोनी भावना ईश्वर (43), भव्य सोनी (7), पार्थ सोनी (10), सुमित कुमार (चालक) को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। सभी को गंभीर रूप से चोटें आई हैं। इनमें तीन लोगों को अतिगंभीर चोटें आई हैं। उन्हें एयर लिफ्ट करके AIIMS ऋषिकेश पहुंचाया गया है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।