लाल किले के पास बम धमाके का अलर्ट, आतंकियों के निशाने पर हैं बड़े मंदिर, चांदनी चौक में हाई अलर्ट

Delhi on Alert: सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली के लाल किले के सामने बम धमाके की साजिश की जानकारी दी है। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के टारगेट पर चांदनी चौक स्थित मंदिर भी है।
Bomb blast alert near Red Fort, major temples targeted by terrorists, high alert in Chandni Chowk
लाल किले के पास बम धमाके का अलर्ट(Image- Social Media)
Published on
Updated on

Delhi Red Fort on Alert: दिल्ली में लाल किला और देश के कुछ बड़े मंदिर आतंकियों के निशाने पर हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी कर बताया है कि लाल किले के सामने बम धमाका करने की साजिश रची जा रही है। इसके साथ ही चांदनी चौक स्थित मंदिर भी आतंकियों का लक्ष्य हो सकता है।

एजेंसियों के अनुसार, लश्कर-ए-तैयबा इस घटना की IED हमले की साजिश रच रहा है। यह कार्रवाई 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद की मस्जिद में हुए ब्लास्ट का बदला लेने के लिए की जा सकती है। ऐसे में भारत के प्रमुख मंदिर और भीड़-भाड़ वाले इलाके लश्कर-ए-तैयबा के निशाने पर हैं।

इनपुट के बाद एजेंसियां अलर्ट

सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली में लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी है। जैसे ही उन्हें इनपुट मिला, दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात की और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। एजेंसियों का कहना है कि लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी देश के बड़े मंदिरों को निशाना बना सकते हैं, खासकर दिल्ली के चांदनी चौक स्थित मंदिर। संभावित खतरों को देखते हुए सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

दिल्ली में हुआ था ब्लास्ट

10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किले के पास शाम के समय एक ब्लास्ट हुआ था। इसमें कई लोग घायल हुए और कई वाहन जलकर खाक हो गए थे। धमाका एक कार में हुआ था, जो धमाके से पहले लगभग तीन घंटे तक लाल किला क्षेत्र की पार्किंग में खड़ी थी। इस आतंकी हमले के बाद देशभर में छापेमारी की गई और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया।

6 फरवरी 2026 को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान शहजाद टाउन स्थित टेरलाई इमाम बारगाह में ब्लास्ट हुआ। इस धमाके में कई लोग मारे गए और कई गंभीर रूप से घायल हुए। आत्मघाती हमलावर गेट के पास अंदर आते ही खुद को उड़ा लिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com