Rajya Sabha Election: वोटिंग से पहले ही आ गया नतीजा! खरगे समेत 14 उम्मीदवार निर्विरोध जीते, देखें पूरी लिस्ट

Rajya Sabha Election: राज्यसभा चुनाव में मतदान से पहले ही 14 उम्मीदवार निर्विरोध जीत गए हैं, जिनमें 10 भाजपा और 4 कांग्रेस से हैं। मल्लिकार्जुन खरगे और पवन खेड़ा भी निर्विरोध संसद पहुंच गए हैं।
maharashtra rajya sabha bypoll 2026 schedule sunetra pawar seat
सांकेतिक फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rajya Sabha Election Unopposed: 18 जून को होने वाले मतदान से पहले ही 14 उम्मीदवार गुरुवार को निर्विरोध राज्यसभा चुनाव जीत गए। इन उम्मीदवारों के सामने कोई और प्रत्याशी नहीं खड़ा था। निर्विरोध जीतने वाले उम्मीदवारों में 10 भाजपा और 4 कांग्रेस पार्टी से हैं। चुनाव जीतने वालों में कर्नाटक से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पवन खेड़ा शामिल हैं।

वहीं, भाजपा के उम्मीदवार सतीश पूनिया, अलका गुर्जर और कांग्रेस के नीरज डांगी राजस्थान से निर्विरोध राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। इसके अलावा गुजरात से बीजेपी के सभी चार राज्यसभा उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है।

कर्नाटक से ये 4 नेता बने सांसद

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत चार उम्मीदवारों को गुरुवार को कर्नाटक से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। खरगे के अलावा कांग्रेस सचिव मंसूर अली खान, पवन खेड़ा और बीजेपी के एम. नागराज भी राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। कर्नाटक से राज्यसभा के चार मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 जून को समाप्त हो रहा है। इनमें बीजेपी के इरन्ना कडाडी और नारायण कोरागाप्पा, कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खरगे तथा जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच.डी. देवेगौड़ा शामिल हैं। ये चारों सीट खाली होने के कारण चुनाव की घोषणा की गई थी। गुरुवार को सभी चार उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

मध्य प्रदेश की तीनों सीटों पर BJP का कब्जा

बता दें कि मध्य प्रदेश में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद सियासी बवाल मचा हुआ है। इस बीच भाजपा के रजनीश अग्रवाल, तरुण चुघ और महेश केवट की जीत हुई है। वहीं, इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने वाले मामले में दायर की गई पार्टी की याचिका पर सुनवाई शुक्रवार तक के लिए टाल दी थी।

18 जून को 12 सीटों पर होगी वोटिंग

बता दें कि आंध्र प्रदेश की 4, झारखंड की 2 और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल, मिजोरम, महाराष्ट्र, और तमिलनाडु की एक-एक सीट पर 18 जून को वोटिंग होगी। इस चुनाव में कांग्रेस को एक, बीजेपी को 8, JMM को दो और TVK को एक सीट पर जीत मिलने की संभावना है।

राज्यसभा में NDA के पास कितने सांसद?

मालूम हो कि 244 सदस्यों वाली राज्यसभा में NDA के पास फिलहाल 149 सांसद हैं, वहीं विपक्ष के पास 78 और क्षेत्रीय दल जो किसी गठबंधन में शामिल नहीं हैं, उनके पास 17 सांसद हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com