

Rahul Gandhi in Republic Day Parade Event: इस बार गणतंत्र दिवस की परेड में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी भी नजर आए। पिछली बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में उनकी गैरमौजूदगी को लेकर उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। इस बार राहुल गांधी परेड को काफी ध्यान से देखते दिखे। उनके पास आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद थीं। सफेद टी-शर्ट पहने राहुल गांधी एकटक झांकियों का अवलोकन करते नजर आए।
गणतंत्र दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अलावा यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के प्रमुख एंटोनियो डिकोस्टा भी शामिल हुए। इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री और वीआईपी हस्तियां समारोह में पहुंचीं। इनमें विदेश मंत्री एस. जयशंकर और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन भी शामिल रहे।
दरअसल, सार्वजनिक कार्यक्रमों में अनुपस्थिति को लेकर राहुल गांधी अक्सर आलोचकों के निशाने पर रहते हैं। समारोह में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी मौजूद थे। आलोचकों का कहना है कि राहुल गांधी संसद और राष्ट्रीय आयोजनों की तुलना में विदेशी दौरों को ज्यादा प्राथमिकता देते हैं। गणतंत्र दिवस समारोह में सीआरपीएफ की सहायक कमांडेंट सिमरन बाला ने अर्धसैनिक बल की पुरुष टुकड़ी की मार्चपास्ट की कमान संभाली। सिमरन बाला का जन्म जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में हुआ है। उन्होंने भारत के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल की 147 कर्मियों वाली टुकड़ी का नेतृत्व किया।
इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह में बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा रचित गीत वंदे मातरम को मुख्य थीम के रूप में शामिल किया गया। रिपब्लिक डे परेड के निमंत्रण पत्र में भी वंदे मातरम का लोगो अंकित है, जबकि छायाचित्र के साथ वॉटरमार्क के रूप में भी वंदे मातरम लिखा गया है।
परेड में कर्तव्य पथ पर कुल 30 झांकियां शामिल की गईं। इनमें 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की तथा 13 विभिन्न मंत्रालयों की झांकियां रहीं। कर्तव्य पथ की विजिटर्स गैलरी का नाम भारत की प्रमुख नदियों—गंगा, यमुना, कृष्णा, नर्मदा और पेरियार—के नाम पर रखा गया था।