PM मोदी ने फोन कर जाना शरद पवार का हाल, बेटी सुप्रिया सुले ने दिया हेल्थ अपडेट

Sharad Pawar Health Update: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अस्वस्थ चल रहे एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से फोन पर बात कर उनकी सेहत की जानकारी ली। पवार फिलहाल पुणे के अस्पताल में भर्ती हैं।
PM Modi Calls Sharad Pawar Health Update
पीएम नरेंद्र मोदी व शरद पवार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

PM Modi Calls Sharad Pawar: देश की राजनीति के दिग्गज नेता और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पुणे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस खबर के सामने आते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को शरद पवार को फोन किया और उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। प्रधानमंत्री ने पवार के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

गले में संक्रमण और बुखार की शिकायत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शरद पवार को गले में परेशानी, खांसी और तेज बुखार की शिकायत के बाद सोमवार दोपहर पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। 85 वर्षीय नेता को बारामती स्थित उनके आवास से एम्बुलेंस के जरिए पुणे लाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, बारामती में शुरुआती उपचार के बाद जब उनकी हालत में सुधार नहीं दिखा, तो उन्हें विस्तृत जांच और बेहतर इलाज के लिए पुणे शिफ्ट करने की सलाह दी गई थी।

सुप्रिया सुले ने दिया हेल्थ अपडेट

शरद पवार की बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के माध्यम से पिता की सेहत की जानकारी साझा की है। सुले ने बताया कि शरद पवार को सीने में जकड़न (Chest Congestion) की समस्या हुई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डॉक्टरों ने उन्हें अगले पांच दिनों तक एंटीबायोटिक्स लेने की सलाह दी है। सुप्रिया सुले और उनके पति सदानंद सुले फिलहाल अस्पताल में ही मौजूद हैं और पवार की देखभाल कर रहे हैं।

डॉक्टरों की निगरानी में है शरद पवार

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि शरद पवार के स्वास्थ्य पर विशेषज्ञों की एक टीम कड़ी नजर रख रही है। एक करीबी सहयोगी ने जानकारी दी कि उन्हें गले में गंभीर इंफेक्शन है, जिसके कारण बोलने और निगलने में समस्या हो रही थी। अगले कुछ दिनों तक उनकी मेडिकल रिपोर्ट की समीक्षा की जाएगी, जिसके बाद ही उन्हें डिस्चार्ज करने पर फैसला लिया जाएगा।

भावुक कर देने वाला राजनीतिक घटनाक्रम

यह घटनाक्रम ऐसे समय में आया है जब पवार परिवार एक बड़े निजी नुकसान से गुजर रहा है। सूत्रों के अनुसार, अजित पवार के निधन के बाद से शरद पवार राजनीतिक रूप से काफी सक्रिय रहे थे, जिससे उनके स्वास्थ्य पर दबाव बढ़ा,। एनसीपी (एसपी) के नेताओं और समर्थकों ने उनके स्वास्थ्य के प्रति गहरी चिंता व्यक्त की है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि परिवार में दुखद घड़ी होने के बावजूद वह लगातार सार्वजनिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं, जो उनकी इच्छाशक्ति को दर्शाता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com