G7 शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलेंगे पीएम मोदी, कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

PM Modi France Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते फ्रांस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी ग्रुप ऑफ 7 (G7) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
PM Modi to meet US President Donald Trump at the G7 summit 
पीएम मोदी-ट्रंप (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

PM Modi Meeting With US President Donald Trump: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते फ्रांस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी ग्रुप ऑफ 7 (G7) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी आज फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा के लिए रवाना हुए। प्रधानमंत्री ने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर दी।

पीएम मोदी ने दी जानकारी

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेफॉर्म एक्स पर लिखा कि अगले कुछ दिनों मैं फ्रांस और स्लोवाकिया में कई कार्यक्रमों में शामिल होऊंगा। जिनमें द्विपक्षीय बातचीत, बहुपक्षीय बैठकें और भारतीय समुदाय के लोगों से मेरी मुलाकात होगी। मेरा ध्यान आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर होगा।

उन्होंने आगे लिखा कि दौरे की शुरुआत नीस में होने वाले 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रमों से होगी। इसमें राष्ट्रपति मैक्रों भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि नीस में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ बैठक में हम भारत-फ्रांस स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप की समीक्षा करेंगे।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से करेंगे मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी मुलाकात करेंगे। व्हाइट हाउस ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। बता दें कि अगले हफ्ते फ्रांस में ग्रुप ऑफ 7 (G7) शिखर सम्मेलन होने वाला है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी कर सकते हैं। बैठक में व्यापार, वीजा और ऊर्जा सहयोग जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

G7 शिखर सम्मेलन का आयोजन 15 से 17 जून तक फ्रांस के एवियन-लेस-बैंस में आयोजित होगा। इस शिखर सम्मेलन में अमेरिका समेत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेता और भारत सहित अन्य देशों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होंगे।

पीएम मोदी का 7 दिन का शेड्यूल

प्रधानमंत्री यात्रा के पहले चरण में 13-14 जून को फ्रांस के नीस शहर का दौरा करेंगे। 16 से 19 जून के बीच वह एवियन और पेरिस की यात्रा पर रहेंगे। मंत्रालय के मुताबिक पीएम मोदी 14 जून को फ्रांस से स्लोवाकिया की यात्रा पर रवाना होंगे और 16 जून को फिर से फ्रांस जाएंगे।

इस दौरे में पीएम मोदी रफाल को लेकर डील की चर्चा करेंगे। राजनयिक सूत्रों के मुताबिक फ्रांस 'मेक-इन-इंडिया' के तहत मल्टी-रोल फाइटर एयरक्राफ्ट (MRFA) प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने पर विचार कर रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com