

PM Modi on Trump shooting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वॉशिंगटन होटल फायरिंग घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह जानकर राहत मिली कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस सुरक्षित हैं। उन्होंने उनकी निरंतर सुरक्षा और भलाई के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की। पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है और इसकी स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कई वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में वाशिंगटन के हिल्टन होटल में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी की घटना हुई। रिपोर्ट्स के अनुसार, फायरिंग की आवाज सुनते ही राष्ट्रपति ट्रंप समेत सभी वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल से सुरक्षित बाहर निकाला गया। यह डिनर शनिवार रात आयोजित था, लेकिन गोलीबारी के बाद माहौल में अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह जानकर राहत मिली है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति सुरक्षित और सकुशल हैं। उन्होंने सभी की सुरक्षा और भलाई की कामना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है और इसकी एक स्वर में निंदा की जानी चाहिए।
फायरिंग के तुरंत बाद, यूएस सीक्रेट सर्विस ने मेहमानों को टेबल के नीचे झुकने के लिए कहा। सुरक्षा कर्मी तुरंत स्टेज पर पहुंचे और पूरे कार्यक्रम स्थल को सुरक्षित किया। गोली चलाने वाले हमलावर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक का कारण होटल के बाकी हिस्सों खासतौर पर लॉबी और पब्लिक एरिया में पर्याप्त सुरक्षा न होना बताया जा रहा है। बॉलरूम और वीआईपी एरिया में कड़ी सुरक्षा होने के बावजूद बाकी हिस्सों में सुरक्षा कमजोर थी।