

Xi Jinping In Delhi For BRICS Summit: नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में चल रहे ब्रिक्स समिट पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग बैठक में शामिल होने के लिए राजधानी दिल्ली पहुंच चुके हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। शाम 5.45 बजे वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लेंगे। वहीं बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे दुनियाभर के नेताओं के साथ पीएम मोदी की मुलाकात हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स सम्मेलन के लिए आए वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग के साथ हैदराबाद भवन में द्विपक्षीय बैठक की। वहीं अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाहयान के साथ द्विपक्षीय बैठक हुई। प्रधानमंत्री मोदी की इथियोपिया और मलेशिया के साथ हुई द्विपक्षीय बैठकों ने इन देशों के साथ भारत के रिश्तों को एक नई दिशा दी है। दोनों देशों ने भारत के साथ मज़बूत रक्षा सहयोग की इच्छा जताई।
इथियोपिया और मलेशिया के साथ हुई बैठकमें संयुक्त रूप से कर्मियों की ट्रेनिंग और भारत से रक्षा उपकरणों की खरीद पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने भारतीय उद्योग और निवेश का स्वागत किया। इथियोपिया ने खास तौर पर भारतीय माइनिंग कंपनियों का स्वागत किया। मलेशिया के साथ सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में मौकों पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के मकसद से बातचीत की। उन्होंने आर्थिक सहयोग, रक्षा और सुरक्षा साझेदारी तथा क्षमता निर्माण जैसे प्रमुख क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की।
भारत की अध्यक्षता में हो रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में इथियोपिया के संघीय लोकतांत्रिक गणराज्य के प्रधानमंत्री डॉ. अबिय अहमद अली से मुलाकात की। यह बैठक प्रधानमंत्री मोदी की दिसंबर 2025 में अदीस अबाबा की ऐतिहासिक यात्रा के बाद हुई। दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने बहुपक्षीय मंचों पर करीबी सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
पीएम मोदी ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में इथियोपिया की भागीदारी की सराहना की और कहा कि इसकी मौजूदगी से 'ग्लोबल साउथ' की सामूहिक आवाज़ को मजबूत करने में मदद मिली है।