43 साल का इंतजार खत्म! ओस्लो पहुंचे PM मोदी, वैश्विक मंदी और युद्ध के बीच नॉर्वे से होने जा रही है 'महाडील'

PM Modi in Norway: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के तहत नॉर्वे पहुंचे हैं। 43 साल बाद हो रही इस ऐतिहासिक यात्रा से दोनों देशों के बीच व्यापारिक और रणनीतिक संबंध मजबूत होंगे।
PM Modi Norway Visit
नॉर्वे दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

PM Modi Norway Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पांच देशों की यात्रा पर हैं। जहां वो अभी नॉर्वे में हैं। प्रधानमंत्री की नॉर्वे यात्रा से दोनों देशों के संबंधों में और प्रगाढ़ता बढ़ने की उम्मीद है। इस यात्रा के दौरान व्यापार और तकनीक के साथ कई अहम क्षेत्रों में समझौते की उम्मीद जताई जा रही है। भारत स्थित स्वीडिश दूतावास की राजदूत मे-एलिन स्टेनर के मुताबिक, पीएम मोदी के इस दौरे का सबको बेसब्री से इंतजार था।

मे-एलिन स्टेनर ने हाल ही में मीडिया से खास बातचीत की। उन्होंने कहा कि, हम इस यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। पिछली बार जब किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने नॉर्वे का दौरा किया था, तब से अब 43 साल बीत चुके हैं। और जाहिर है, प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली यात्रा है, इसलिए यह हमारे लिए बहुत अहम है।

कई अहम समझौते पर होंगे हस्ताक्षर

इस दौरान कई अहम समझौतों पर मुहर लगने की भी संभावना है। स्टेनर ने बताया कि पीएम मोदी की नॉर्वे दौरे को दौरान एक व्यापार सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। साथ ही उस सम्मेलन में कई एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। ये मुख्य रूप से ऊर्जा, जलवायु और समुद्री क्षेत्रों से संबंधित होंगे। प्रधानमंत्री सोमवार को ओस्लो पहुंचे। यहां नॉर्वेजियन पीएम योनास गार स्टोरे ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी खुशी जाहिर की। पीएम स्टोरे का आभार जताया। पीएम मोदी का यह दौरा कई मायनों में अहम है। इस समय पूरी दुनिया युद्ध और मंदी के दौर से गुजर रही है। ऐसे में भारतीय प्रधानमंत्री का यह दौरा न सिर्फ भारत के लिए बल्कि नॉर्वे के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकता है।

पीएम मोदी ने नॉर्वे पहुंचने पर जताई खुशी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओस्लो पहुंचने पर खुशी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि, नॉर्वे पहुंच गया हूं। हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत के लिए प्रधानमंत्री योनास गार स्टोरे का आभारी हूं। चार दशकों से अधिक समय बाद यह नॉर्वे की पहली प्रधानमंत्री स्तरीय यात्रा है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि, मुझे विश्वास है कि यह यात्रा भारत और नॉर्वे की दोस्ती को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। मैं महामहिम राजा हेराल्ड पंचम और रानी सोन्या से मुलाकात करूंगा तथा प्रधानमंत्री स्टोरे के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करूंगा। 19 तारीख को ओस्लो में तीसरा भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन आयोजित होगा, जो मेरे नॉर्डिक समकक्षों से मिलने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

भारत-नॉर्डिक सम्मेलन में कई नेता होंगे शामिल

नॉर्डिक सम्मेलन में नॉर्वे, डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के शीर्ष नेता भी भाग लेंगे। भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन की शुरुआत वर्ष 2018 में स्टॉकहोम में हुई थी, जबकि दूसरा सम्मेलन 2022 में कोपेनहेगन में आयोजित किया गया था। इस बार की बैठक में ग्रीन एनर्जी, डिजिटलाइजेशन, रक्षा सहयोग, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, आर्कटिक नीति और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

Navbharat Live
navbharatlive.com