रवींद्र जडेजा के कोच से सीखी क्रिकेट की बारीकियां, जानिए कौन हैं भारत को एशिया कप जिताने वाले मोहित उल्वा?

Mohit Ulva Biography: अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब जीता। मोहित उल्वा ने नाबाद 49 और मनाल चौहान ने 47 रन की अहम पारी खेली।
mohit ulva
मोहित उल्वाSource- Social Media
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • भारत ने अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को एक विकेट से हराया।

  • मनाल चौहान ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाकर भारत की जीत की उम्मीदें कायम रखीं।

  • मोहित उल्वा ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाकर टीम को खिताब दिलाया।

India U19 Asia Cup Champion: क्रिकेट में आखिरी गेंद फेंके जाने तक हार-जीत का फैसला नहीं होता। अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। एक समय भारतीय टीम हार के करीब पहुंच गई थी, लेकिन मनाल चौहान और मोहित उल्वा ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से मैच का रुख पलट दिया। दोनों ने मुश्किल हालात में ऐसी पारियां खेलीं, जिनकी बदौलत भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

एक समय भारत के 8 विकेट 252 रन पर गिर चुके थे। टीम को जीत के लिए आखिरी विकेटों से बड़ी साझेदारी की जरूरत थी। ऐसे में मनाल चौहान और मोहित उल्वा ने मोर्चा संभाला। खास तौर पर मनाल ने अपनी बल्लेबाजी से दिखाया कि उन्हें भविष्य का बेहतरीन ऑलराउंडर क्यों माना जा रहा है।

आखिरी 3 ओवर में चाहिए थे 30 रन

भारतीय टीम को आखिरी तीन ओवर में जीत के लिए 30 रन बनाने थे। इसी बीच मनाल चौहान ने 32 गेंदों पर 47 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ा दीं। उन्होंने दबाव के बीच बड़े शॉट लगाए और भारत की जीत की उम्मीदों को जिंदा रखा।

हालांकि, पारी के 48वें ओवर की दूसरी गेंद पर मनाल नकाब शफीक की गेंद पर कैच आउट हो गए। वह भारत के नौवें विकेट के रूप में पवेलियन लौटे। इस विकेट के बाद पाकिस्तान की टीम जीत के करीब नजर आने लगी, लेकिन दूसरे छोर पर मौजूद मोहित उल्वा ने हार नहीं मानी।

मोहित ने आखिरी समय तक संघर्ष जारी रखा और 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उन्होंने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारत को एक विकेट से जीत दिला दी। मनाल और मोहित की पारियों ने फाइनल का रोमांच चरम पर पहुंचा दिया।

कौन हैं मोहित उल्वा?

मोहित उल्वा भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए युवा खिलाड़ी हैं। 18 साल के मोहित दाएं हाथ से बल्लेबाजी करने के साथ मीडियम पेस गेंदबाजी भी करते हैं। उन्होंने सौराष्ट्र के एज-ग्रुप क्रिकेट से अपनी पहचान बनाई और शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय अंडर-19 टीम में जगह बनाई।

मोहित ने अपने गांव में टेनिस बॉल क्रिकेट से खेलना शुरू किया था। उनके पिता रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) में काम करते हैं। उन्होंने ही मोहित को क्रिकेट की विधिवत ट्रेनिंग लेने के लिए एकेडमी में दाखिला लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

रवींद्र जडेजा के कोच से सीखी क्रिकेट की बारीकियां

मोहित उल्वा ने जामनगर के 'क्रिकेट बंगला' में कोच महेंद्र सिंह चौहान की देखरेख में क्रिकेट की ट्रेनिंग ली। बताया जाता है कि चौहान ने भारतीय क्रिकेटर रवींद्र जडेजा को भी प्रशिक्षित किया है।

mohit ulva
IND Vs PAK U19 Asia Cup Final Highlights: भारत ने पाकिस्तान को 1 विकेट से हराया, नौवीं बार जीता खिताब

मोहित ने शुरुआत में ऑफ स्पिन गेंदबाजी की थी। हालांकि, उनके लंबे कद और अच्छी रनिंग क्षमता को देखते हुए कोच चौहान ने उन्हें तेज गेंदबाजी आजमाने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने मीडियम पेस गेंदबाजी पर भी काम किया।

अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में मोहित की नाबाद 49 रन की पारी ने उनकी प्रतिभा और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता को सामने रखा है। अब इस प्रदर्शन के बाद युवा क्रिकेटर पर सबकी नजरें रहेंगी।