Padma Awards: 5 में से 3 पद्म विभूषण केरल वालों को...शशि थरूर ने जताई खुशी, कही ये बात

Padma Vibhushan Rewards: सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज केटी थॉमस, वीएस अच्युतानंदन और पी नारायणन पद्म विभूषण से नवाजे गए। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस पहल का स्वागत किया है।
Padma Awards 2026 Kerala 8 Honorees Including 3 Padma Vibhushan Winners Shashi Tharoor Hails
सांसद शशि थरूर
Published on
Updated on

Shashi Tharoor on Padma Awards: केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस के मौके पर पद्म विभूषण पुरस्कारों की घोषणा की है। इस बार देश की पांच प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है, जिनमें से तीन केरल से हैं। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए सभी सम्मानित लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।

घोषित पांच पद्म विभूषण पुरस्कारों में से तीन केरल के लोगों को मिले हैं। इस साल सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश के.टी. थॉमस, लेफ्ट के वरिष्ठ नेता वी.एस. अच्युतानंदन और केरल से संघ विचारक पी. नारायणन को पद्म विभूषण से नवाज़ा गया है। वी.एस. अच्युतानंदन का जन्म 20 अक्टूबर 1923 को अल्लापुझा जिले के पुन्नपरा में हुआ था। वे वर्ष 2006 से 2011 तक केरल के मुख्यमंत्री रहे।

पांच में से तीन पद्म विभूषण केरल को

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, के.टी. थॉमस सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज हैं, जिन्होंने “न्यायिक नीति में महत्वपूर्ण योगदान दिया, प्रमुख समितियों की अध्यक्षता की और कानून सुधारों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।” पी. नारायणन तीसरे मलयाली हैं, जिन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। वे केरल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें साहित्य व शिक्षा श्रेणी के तहत चुना गया है। वे एक प्रसिद्ध मलयालम पत्रकार भी हैं, जिन्होंने समाज सुधार और राष्ट्र निर्माण के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने विभिन्न भाषाओं की लगभग 40 पुस्तकों का मलयालम में अनुवाद किया है। शशि थरूर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि गणतंत्र दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर भारत सरकार की पद्म पुरस्कार सूची में कई प्रतिष्ठित मलयाली हस्तियों को उनके असाधारण योगदान के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में सम्मानित किया गया है।

केरल को मिले कुल आठ पद्म पुरस्कार

इनके अलावा केरल की कुल आठ हस्तियों को इस वर्ष पद्म पुरस्कार मिले हैं। मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार ममूटी को कला के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया है। वहीं, एसएनडीपी योगम के जनरल सेक्रेटरी वेल्लप्पल्ली नटेसन को सार्वजनिक मामलों और सामाजिक नेतृत्व में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण प्रदान किया गया।

भारत के जाने-माने वैज्ञानिक और “प्रोपल्शन टेक्नोलॉजी के जनक” ए.ई. मुथुनायगम को विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में पद्मश्री मिला है। इसके अलावा, भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान आई.एम. विजयन, प्रसिद्ध नृत्य शिक्षिका और केरल नाट्यशाला की संस्थापक कलामंडलम विमला मेनन, तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी जमीन पर जंगल उगाने वाली पर्यावरणविद् कोल्लक्कल देवकी अम्मा को भी पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।

शशि थरूर ने लिखा कि केरल को कुल आठ पुरस्कार मिले हैं, जो भले ही अन्य राज्यों की तुलना में ज्यादा न हों, लेकिन पिछले साल मिले पांच पुरस्कारों से अधिक हैं। राज्य की राजधानी का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद के रूप में, उन्होंने इन सभी सम्मानित केरलवासियों को बधाई दी और आभार व्यक्त किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com