पर्दे के पीछे से जीत की इबारत लिखने वाले के हाथ भाजपा की कमान! BJP के 'साइलेंट हीरो' हैं नितिन नबीन

BJP ने कुशल रणनीतिकार Nitin Nabin को नया कार्यकारी अध्यक्ष चुना। फैसला चौंकाने वाला जरूर, लेकिन पार्टी ने एक ऐसे समर्पित सिपाही को मेहनत का फल दिया, जिसने हमेशा पर्दे के पीछे रहकर जीत की इबारत लिखी।
nitin-nabin-appointed-bjp-working-president-strategist-bihar-election-success
बिहार में NDA को 202 का जादुई आंकड़ा पार कराने वाले फेस हैं नितिन नबीन (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

BJP Working President Nitin Nabin: दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी ने बिहार सरकार में मंत्री और कुशल रणनीतिकार नितिन नबीन को अपना नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुना है। यह फैसला चौंकाने वाला जरूर है, लेकिन पार्टी ने एक ऐसे समर्पित सिपाही को उसकी मेहनत का फल दिया है जिसने हमेशा पर्दे के पीछे रहकर जीत की इबारत लिखी। छत्तीसगढ़ में कमल खिलाने के बाद बिहार में NDA को 200 के पार ले जाने का दावा सच करने वाले नितिन नबीन ने साबित कर दिया कि वे संगठन के असली मास्टरमाइंड हैं। उनकी नियुक्ति पर सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि भाजपा ने भविष्य की राजनीति के लिए एक युवा और अनुभवी चेहरे पर बड़ा दांव खेला है।

इतनी बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर नितिन नबीन ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में इसे आम कार्यकर्ताओं की जीत बताया है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि जब आप एक समर्पित कार्यकर्ता के तौर पर निस्वार्थ भाव से काम करते हैं, तो पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उसे जरूर देखता है। नितिन नबीन पटना की बांकीपुर सीट से लगातार चार बार और कुल पांच बार विधायक रह चुके हैं। अपने पिता नवीन किशोर सिन्हा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने 2020 के चुनाव में शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को 84,000 वोटों के भारी अंतर से हराकर अपनी लोकप्रियता का लोहा मनवाया था। वहीं नितिन नबीन को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर पीएम मोदी ने भी बधाई दी है।

छत्तीसगढ़ की जीत से बिहार के रणनीतिकार तक

नितिन नबीन का कद केवल विधायक या मंत्री होने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे संगठन के एक माहिर खिलाड़ी माने जाते हैं। छत्तीसगढ़ चुनाव में प्रभारी के रूप में उन्होंने भाजपा की जबरदस्त वापसी कराई थी, जिसने केंद्रीय नेतृत्व का ध्यान खींचा। वहीं, हालिया बिहार परिदृश्य में उन्होंने चुनाव से पहले ही आत्मविश्वास से दावा कर दिया था कि एनडीए 200 का जादुई आंकड़ा पार करेगी। उन्होंने विपक्ष के 'जंगल राज' की याद दिलाते हुए जनता को बताया कि कैसे पहले सीएम आवास से अपहरण की साजिशें रची जाती थीं, जबकि आज वहां विकास की नीतियां बनती हैं। उनकी यह आक्रामक रणनीति और जमीनी पकड़ ही उन्हें राष्ट्रीय पटल पर ले आई है।

सड़कें, रोजगार और एक करोड़ नौकरियों का रोडमैप

बिहार सरकार में पथ निर्माण और शहरी विकास मंत्री नितिन नबीन ने 13,000 किलोमीटर सड़कों के रखरखाव का बीड़ा उठाया और गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट्स को गति दी। उनका विजन साफ है कि 2025 से 2030 तक बिहार में औद्योगिक विकास हो और एक करोड़ रोजगार पैदा हों। वे भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति रखते हैं और मानते हैं कि जनता अब लालटेन युग नहीं, बल्कि पक्की सड़कों और 24 घंटे बिजली वाले बिहार को चुनती है। अब कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में वे अपने इसी विजन और कार्यशैली को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाएंगे, जिससे पार्टी को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com