रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, आतंकी शोएब मिर्ज़ा का लश्कर से है कनेक्शन
बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे विस्फोट मामले में एनआईए ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच एजेंसी ने इस मामले में अब तक पांच आरोपी को गिरफ्तार किया है।
- Written By: किर्तेश ढोबले
रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट मामले में एक और गिरफ्तारी (फाइल फोटो पीटीआई )
बेंगलुरु: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार (24 मई) को बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम शोएब अहमद मिर्जा उर्फ छोटू (35 साल) बताया जा रहा है। वह कर्नाटक के हुबली शहर का रहनेवाला है। बताया यह भी जा रहा है कि लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसी ने इस मामले में अब तक पांच आरोपी को गिरफ्तार किया है। शोएब अहमद मिर्जा एलईटी आतंकी साजिश मामले में पहले से भी अपराधी है।
एजेंसी ने एक बयान में कहा कि कर्नाटक के हुबली शहर का रहने वाला शोएब अहमद मिर्जा (35) उर्फ छोटू पहले लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) आतंकी साजिश के एक मामले में दोषी ठहराया जा चुका है। एजेंसी ने कहा, “रामेश्वरम कैफे विस्फोट मामले में चार राज्यों में बड़े पैमाने पर धर पकड़ के तीन दिन बाद, एनआईए ने शुक्रवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) आतंकी साजिश मामले के एक पूर्व दोषी के तौर पर हुई है।”
NIA arrests one more accused in Bengaluru's Rameshwaram Cafe blast case: Officials — Press Trust of India (@PTI_News) May 24, 2024
सम्बंधित ख़बरें
एजेंसी ने बताया कि उसकी जांच में पता चला है कि मिर्जा जेल से छूटने के बाद इस नयी साजिश में संलिप्त हुआ। जांच एजेंसी ने कहा कि 2018 में उसने आरोपी अब्दुल मथीन ताहा से दोस्ती की और उसका परिचय एक ऑनलाइन हैंडलर से कराया, जिसके विदेश में होने का संदेह है। एजेंसी ने बताया कि मिर्जा ने हैंडलर और अब्दुल मथीन ताहा के बीच कूट भाषा में संचार के लिए एक ई-मेल आईडी भी प्रदान की। एजेंसी ने बताया कि ताहा को 12 अप्रैल को सह-आरोपी मुसाविर हुसैन शाजिब के साथ कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया गया था।
इस साल एक मार्च को हुए रामेश्वरम कैफे विस्फोट की जांच के दौरान, एनआईए ने पूरे भारत में 29 स्थानों पर व्यापक छापेमारी की है। बयान में कहा गया है कि विस्फोट के पीछे हैंडलर की भूमिका और व्यापक साजिश की आगे की जांच जारी है। इस विस्फोट में कई लोग घायल हुए थे और संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा था।
