देशभर में नए साल 2026 का शानदार स्वागत, मोदी-राहुल समेत कई हस्तियों ने दी बधाई

PM Modi on New Year: साल 2026 का स्वागत हर्षोल्लास के साथ किया जा रहा है। लोग एक दूसरे को बधाई देकर साल 2026 का आगाज कर रहे हैं। इस बीच PM मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने बधाई दी।
New year 2026 PM Modi, rahul gandhi and akhilesh yadav extending their greetings
अखिलेश यादव, पीएम मोदी, राहुल गांधी
Published on
Updated on

Happy New Year 2026: देशभर में नए साल 2026 की शुरुआत पूरे उत्साह और उम्मीदों के माहौल में हुई। लोगों ने साल 2025 को अलविदा कहकर नई आकांक्षाओं, संकल्पों और खुशियों के साथ 2026 का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित देश के कई नेताओं ने देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, आप सभी को 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं! यह वर्ष आपके लिए अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए, आपके प्रयासों में सफलता और आपके सभी कार्यों में पूर्णता लाए। हमारे समाज में शांति और सुख के लिए प्रार्थना।

राहुल गांधी ने दी नए साल की बधाई

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक फोटो के साथ संदेश साझा करते हुए लिखा कि, “आप सभी को नए साल की हार्दिक शुभकामनाएं। यह वर्ष आपके जीवन में ढेर सारी खुशियां, अच्छा स्वास्थ्य और सफलताएं लेकर आए।” उन्होंने अंग्रेजी में भी सभी को हैप्पी न्यू ईयर 2026 की बधाई दी।

खरगे ने की नागरिकों से एकजुटता की अपील

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नए साल को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा से जोड़ते हुए नागरिकों से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 कमजोर वर्गों के काम के अधिकार, वोट के अधिकार और गरिमा के साथ जीवन जीने के अधिकार की सुरक्षा के लिए जन आंदोलन का रूप ले। उन्होंने युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की खुशहाली और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को सम्मान दिलाने को साझा संकल्प बताया।

अखिलेश यादव ने दी शुभकामनाएं

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने संदेश में मानवता, प्रेम और सामाजिक न्याय को केंद्र में रखा। उन्होंने नववर्ष को उन सभी पीडीए प्रहरियों को समर्पित किया जो लोकतंत्र और संविधान से मिले अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने समानता, सम्मान और सौहार्द को मजबूत करने के संकल्प के साथ नए साल की शुभकामनाएं दीं।

सामूहिक प्रगति का साल होगा 2026

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने तमिल और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में नववर्ष का संदेश साझा किया।

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लोग एकजुट होकर बड़ी उपलब्धियों की ओर बढ़ रहे हैं और आने वाला साल सामूहिक विकास और प्रगति का वर्ष साबित होगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com