नव्या हरिदास व प्रियंका गांधी (सोर्स-सोशल मीडिया)
तिरुवनंतपुरम: भारतीय जनता पार्टी की नेता नव्या हरिदास ने केरल हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के वायनाड लोकसभा सीट से निर्वाचन को चुनौती दी है। हरिदास ने शुक्रवार (20 दिसंबर, 2024) को दायर याचिका में दावा किया है कि प्रियंका ने नामांकन पत्र में अपनी और अपने परिवार की संपत्ति का सही खुलासा नहीं किया और गलत जानकारी दी।
भाजपा नेता ने कहा कि यह आदर्श आचार संहिता के खिलाफ है और भ्रष्ट आचरण के समान है। अब सवाल यह है कि क्या भाजपा नेता के इस कदम के बाद प्रियंका गांधी अपना सांसद पद खो देंगी? इस सवाल का जवाब भले ही अभी भविष्य के गर्भ में छिपा हो, लेकिन प्रियंका गांधी की टेंशन जरूर बढ़ गई होगी!
केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में नव्या हरिदास को कांग्रेस उम्मीदवार प्रियंका गांधी वाड्रा ने पांच लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हरा दिया। याचिका दाखिल होने की पुष्टि करते हुए नव्या हरिदास ने कहा कि इस मामले की सुनवाई जनवरी 2025 में होने की संभावना है, क्योंकि 23 दिसंबर से 5 जनवरी तक हाईकोर्ट में अवकाश रहेगा।
प्रियंका गांधी ने चुनाव आयोग को दिए अपने हलफनामे में बताया था कि उनके पास 4.24 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 13.89 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। हलफनामे में अपने पति रॉबर्ट वाड्रा की संपत्ति की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि उनके पास 37.91 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। प्रियंका गांधी पर 15 लाख 75 हजार रुपये का कर्ज भी है, जबकि उनके पति रॉबर्ट वाड्रा पर 10,03,30,374 रुपये की देनदारी है।
भारतीय राजनीति से जुड़ी सभी बड़ी ख़बरों से अपडेट रहने के लिए यहां क्लिक करें
सोने-चांदी की बात करें तो चुनावी हलफनामे के मुताबिक प्रियंका गांधी के पास 59.83 किलोग्राम वजन की चांदी से बनी वस्तुएं हैं। इनकी कुल कीमत 29.55 लाख रुपये है। उनके पास 4.41 किलोग्राम वजन के आभूषण हैं, जिसमें 2.5 किलोग्राम सोना शामिल है। इनकी कीमत 1 करोड़ 15 लाख 79 हजार रुपये है। प्रियंका गांधी के पास होंडा सीआरवी कार भी है। जमीन की बात करें तो उन्होंने हलफनामे में बताया है कि उनके पास 2 करोड़ 10 लाख रुपये से ज्यादा की खेती की जमीन है और उनका घर 48,997 वर्ग फीट क्षेत्र में बना है, जो शिमला में स्थित है।