

Mother's Day 2026 Wishes: आज मदर्स डे है। दुनिया में एक मां ही है, जो हमसे बिना किसी शर्त, बिना स्वार्थ के प्यार करती है। मां के प्यार, उनके त्याग को व्यक्त करने के लिए एक दिन काफी नहीं है, यह ऐसा खास मौका है जब हम सभी अपनी मां को महसूस करा सकते हैं कि वह हमारे जीवन में कितनी खास हैं। मदर्स डे के इस मौके पर देशभर से नेताओं-कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान, कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने मां को ममता, त्याग, संस्कार और शक्ति का प्रतीक बताया। साथ ही समाज और जीवन में उनके योगदान को सबसे बड़ी ताकत बताया।
मदर्स डे के अवसर पर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने एक संदेश दिया। इसमें उन्होंने कहा, मां केवल एक संबंध नहीं, वह वात्सल्य, त्याग, संस्कार और अटूट स्नेह की वह शक्ति हैं जो जीवन को दिशा और संवेदना प्रदान करती हैं। समाज की नैतिक एवं मानवीय चेतना के निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका सर्वोपरि है। आगे उन्होंने लिखा, मातृ दिवस के अवसर पर समस्त माताओं को हार्दिक शुभकामनाएं। आपका स्नेह, धैर्य और समर्पण हमारी संस्कृति और समाज की सबसे बड़ी शक्ति है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में लिखा- ममता, त्याग, असीम करुणा और निस्वार्थ प्रेम की साक्षात प्रतिमूर्ति समस्त माताओं को मातृ दिवस की अनंत बधाई एवं शुभकामनाएं। आगे उन्होंने लिखा, मां का पवित्र वात्सल्य और आशीर्वाद जीवन की वह अलौकिक शक्ति है, जो हमारे भीतर श्रेष्ठ संस्कारों का सृजन कर हमें हर परिस्थिति में अजेय साहस और सन्मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करती है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मदर्स डे के मौके पर एक्स हैंडल पर लिखा, मातृ देवो भवः, मां केवल एक शब्द नहीं, बल्कि प्रेम, त्याग, ममता और असीम शक्ति का स्वरूप है। उनका स्नेह जीवन को दिशा, संस्कार और संबल प्रदान करता है। समस्त मातृ शक्ति को मातृत्व दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं सादर नमन।
वहीं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मां को पहली गुरु बताया। उन्होंने लिखा, मां ही पहली गुरू, पहली मित्र और ईश्वर का सबसे सुंदर स्वरूप है। एक मां का स्नेह, त्याग और आशीर्वाद ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। समस्त मातृशक्ति को मातृ दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी माताएं सदैव स्वस्थ, सुखी और सम्मानित रहें।
TVK चीफ और मुख्यमंत्री-डेजिग्नेट विजय की मां शोभा चंद्रशेखर विजय के शपथ ग्रहण समारोह में जाते समय कहा, मैं बहुत खुश हूं। आज मदर्स डे है, मैं बहुत खुश हूं।
अभिनेत्री सनम शेट्टी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, आज मैं हमारे प्यारे थलपति विजय सर के लिए यहां खड़ी हूं। आज, मदर्स डे के अवसर पर तमिलनाडु का एक सच्चा बेटा ऑफिस संभाल रहा है।
मदर्स डे की शुरुआत अमेरिका से हुई थी। 10 मई, 1908 में एना जार्विस ने अपनी मां को सम्मान देने के लिए शुरू किया था। बाद में 1914 में अमेरिकी राष्ट्रपति वुडरो विल्सन ने इसे आधिकारिक राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया। तब से हर साल मई के दूसरे रविवार को मदर्स डे मनाया जाता है।