

नई दिल्ली: महाराष्ट्र में सीट शेयरिंग को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अपने बयान में यहां तक कह डाला की राजनीति में त्याग के लिए कोई जगह नहीं है, अखिलेश के इस बयान ने INDI गठबंधन के गठजोड़ को हिलाकर रख दिया है। क्योंकि उनकी समाजवादी पार्टी भी अब उत्तर प्रदेश से बाहर निकलकर राष्ट्रीय दल बनने को बेताब है।
हालांकि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर अंतिम फैसला लेने का हक़ अखिलेश ने प्रदेश अध्यक्ष अबू आज़मी को दिया है, जिसपर पर अखिलेश ने कहा कि यह समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष फैसला करेंगे। गठबंधन में बने रहने को लेकर अपने बयान में अखिलेश ने आगे कहा कि हमारी पहली कोशिश गठबंधन में बने रहने की होगी।
गठबंधन में बात नहीं बनने की स्थितियों को लेकर अखिलेश यादव ने बताया कि अगर वे हमें गठबंधन में नहीं रखना चाहते हैं, तो हम वहीं चुनाव लड़ेंगे जहां हमारी पार्टी को वोट मिलेंगे, या संगठन पहले से काम कर रहा है ताकि गठबंधन को नुकसान न हो। इतना ही नहीं अखिलेश ने महाराष्ट्र चुनाव में किसी भी तरह से कदम पीछे खींचने को लेकर गठबंधन की ओर इशारा करते हुए कहा कि राजनीति में त्याग के लिए कोई जगह नहीं है।
बता दें कि महाराष्ट्र में होने जा रहे विधानसभा चुनावों को लेकर INDI गठबंधन में सीटों का बंटवारा लगभग हो चूका है, लेकिन इसमें समाजवादी पार्टी को लेकर कोई सीट सामने नहीं आई है। इधर अखिलेश यादव महाराष्ट्र का दौरा करने के बाद से ज्यादा एक्टिव दिखाई पड़ रहे हैं, ऐसे में उन्हें कैसे संतोष करना पड़ता है यह देखने लायक होगा।