

कोलकाता : कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर से दुष्कर्म और उसके बाद हत्या का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में बीते बुधवार की रात हुए हिंसक प्रदर्शन और तोड़फोड़ के बाद ये केस अब और ज्यादा उलझ गया है। इसके विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA ) ने बीते गुरुवार को एलान किया कि वे 17 अगस्त को सुबह छह बजे से 24 घंटे के लिए देश भर में गैर-आपात सेवाएं बंद रखेंगे। इससे पहले दिन में FORDA (फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन) ने भी हड़ताल का ऐलान किया है।
इस बाबत चिकित्सा निकाय ने एक बयान में कहा कि आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी और आपातकालीन वार्ड में भी चिकित्सकीय कामकाज जारी रहेगा। IMA ने कहा कि बाह्य रोगी विभाग (OPD) में सेवाएं बंद रहेंगी और चुनिंदा सर्जरी नहीं की जाएगी।
जारी बयान में कहा गया, ''कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुए जघन्य अपराध तथा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या (बुधवार रात) पर प्रदर्शनकारियों द्वारा की गई गुंडागर्दी के बाद भारतीय चिकित्सा संघ ने शनिवार 17 अगस्त को सुबह छह बजे से रविवार 18 अगस्त को सुबह छह बजे तक 24 घंटे के लिए एलोपैथी चिकित्सकों द्वारा देश भर में सेवाएं बंद रखने की घोषणा की है।''
इसने कहा, ''चिकित्सक, विशेषकर महिलाएं, अपने पेशे की प्रकृति के कारण हिंसा के प्रति संवेदनशील होती हैं। अस्पतालों और परिसरों के अंदर चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अधिकारियों का काम है।" IMA ने कोलकाता के अस्पताल में हुई तोड़फोड़ की भी निंदा की।
जानकारी दें कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में तोड़फोड़ के मामले में बीते गुरुवार शाम को तीन और आरोपियों को अरेस्ट किया गया है, लिहाजा पुलिस ने अब तक 12 आऱोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को अदालत में पेश किया गया और 22 अगस्त तक इन सभी पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।