वामपंथी गढ़ में खिला कमल, LDF का 40 साल पुराना गुरूर चकनाचूर; PM मोदी बोले- थैंक यू तिरुवनंतपुरम

Kerala की राजनीति में इस समय बड़ा बदलाव देखने को मिला है, 40 सालों के LDF के किले को BJP ने भेद दिया है। पार्टी ने यहां पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए वामपंथ के गढ़ में भी कमल खिला दिया है।
kerala-thiruvananthapuram-bjp-historic-win-pm-modi-reaction
केरल में टूटा LDF का 40 साल का गुरूर, भाजपा ने रचा इतिहास (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Kerala Local Body Election: केरल की राजनीति में एक ऐसा बड़ा भूचाल आया है जिसने सभी को चौंका कर रख दिया है। राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए वाम लोकतांत्रिक मोर्चा यानी एलडीएफ के चार दशक पुराने किले को पूरी तरह ढहा दिया है। यह सिर्फ एक चुनाव जीतना भर नहीं है, बल्कि यह एक बड़ा सत्ता परिवर्तन है। जिस नगर निगम पर पिछले 40 सालों से भी अधिक समय से वाम मोर्चे का एकछत्र राज था, वहां अब कमल खिल गया है। इस अप्रत्याशित नतीजे ने राज्य में नए सियासी समीकरणों की नींव रख दी है, जिसे वाम मोर्चे के लिए एक करारा झटका माना जा रहा है।

तिरुवनंतपुरम का महत्व सिर्फ इसलिए नहीं है कि यह केरल की प्रशासनिक राजधानी है, बल्कि राजनीतिक दृष्टिकोण से भी यह बेहद खास क्षेत्र है। यह वही लोकसभा सीट है जहां से कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर लगातार चार बार सांसद चुने जा चुके हैं। ऐसे में इस क्षेत्र को लंबे समय से कांग्रेस और वाम मोर्चे के प्रभाव वाला माना जाता रहा है। लेकिन नगर निगम में भाजपा की इस शानदार जीत ने यह साबित कर दिया है कि अब यहां की हवा बदल रही है और लोग पारंपरिक राजनीति से हटकर नए विकल्पों की तलाश कर रहे हैं।

शहरी मतदाताओं का बदला मिजाज

राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो यह जीत विधानसभा की दो-तीन सीटें जीतने से कहीं ज्यादा असरदार है। नगर निगम जैसे बड़े शहरी निकाय में सत्ता हासिल करना यह साफ इशारा करता है कि शहरी मतदाता अब पुराने राजनीतिक ध्रुवीकरण से हटकर सोच रहा है। प्रशासन, शहरी बुनियादी ढांचे और पारदर्शिता को लेकर लोगों में जो असंतोष था, वह इस चुनाव में एलडीएफ के खिलाफ खुलकर सामने आया। भाजपा नेता इसे अपने बढ़ते संगठनात्मक आधार और जनता के भरोसे का परिणाम बता रहे हैं, जबकि एलडीएफ नेतृत्व ने नतीजों को गंभीरता से लेते हुए आत्ममंथन और सुधार करने की बात कही है।

पीएम मोदी ने कहा- थैंक यू

इस ऐतिहासिक और निर्णायक जनादेश पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शहर की जनता और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए लिखा कि थैंक यू तिरुवनंतपुरम। पीएम मोदी ने इस जीत को केरल की राजनीति में एक वाटरशेड मोमेंट करार दिया। उनका कहना है कि यह समर्थन इस बात का संकेत है कि राज्य के लोग मानते हैं कि केरल की विकासात्मक आकांक्षाओं को केवल भाजपा ही पूरा कर सकती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी शहर के विकास और आम लोगों के लिए ईज ऑफ लिविंग को बेहतर बनाने की दिशा में पूरी ताकत से काम करेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com