Weather Update: इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट तो उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा, देखें IMD का ताजा अपडेट

IMD Rain Alert: 13 जुलाई को उत्तर, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट है। उत्तराखंड में भूस्खलन से मुश्किलें बढ़ी हैं, जबकि राजस्थान में अगले एक हफ्ते मॉनसून कमजोर रहेगा।
Weather Update
भारी बारिश (सोर्स सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Kal Ka Mausam 13 July: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 13 जुलाई को उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम तथा कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और निचले क्षेत्रों में जलभराव का खतरा बना हुआ है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में भी तेज हवाओं और बारिश की संभावना है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

पूर्वी और मध्य भारत में भी सक्रिय रहेगा मॉनसून

बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

महाराष्ट्र और गुजरात का मौसम

पश्चिमी और दक्षिणी भारत में भी वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा। महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में भी छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में उमस भरा मौसम बना रह सकता है।

पश्चिम बंगाल में 14 जुलाई तक भारी बारिश

मौसम विभाग ने बताया कि 14 जुलाई तक पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश जारी रह सकती है। दार्जिलिंग और कालिम्पोंग के पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन तथा कूचबिहार, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी के निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका है। मुर्शिदाबाद, पूर्व बर्धमान, बांकुड़ा, बीरभूम, नदिया और पश्चिम बर्धमान में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कोलकाता, हावड़ा, हुगली और उत्तर-दक्षिण 24 परगना में भी तेज बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड में बढ़ीं मुश्किलें

उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों की भारी बारिश के बाद 126 सड़कें भूस्खलन के कारण बंद हो गई हैं, जिनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं। देहरादून में भारी बारिश के चलते एक निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरने से एक महिला घायल हो गई, जबकि प्रेमनगर क्षेत्र का अस्थायी पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया। यमुनोत्री राजमार्ग पर स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन के कारण रास्ता खोलने का काम लगातार जारी है।

राजस्थान में कमजोर पड़ा मॉनसून

राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मॉनसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। पिछले 24 घंटों में केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, एक कमजोर मौसम प्रणाली के प्रभाव से 14 और 15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com