राज्यसभा चुनाव से पहले INDIA गठबंधन में भूचाल, DMK के बाद इस पार्टी ने दिखाई कांग्रेस को आंख, बदलेगा समीकरण?

INDIA Alliance: कांग्रेस द्वारा राज्यसभा की एक सीट के लिए प्रणव झा को उम्मीदवार घोषित किए जाने के कुछ घंटों बाद ही JMM ने दोनों सीटों पर अपना दावा ठोक दिया।
india alliance
INDIA गठबंधन (Image- Social Media)
Updated on

Jharkhand Rajya Sabha Election: लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान अस्तित्व में आए इंडिया गठबंधन को लगातार झटके लग रहे हैं। तमिलनाडु चुनाव के बाद कांग्रेस पार्टी के TVK के साथ जाने के बाद DMK गठबंधन से अलग होती दिख रही है। पंजाब चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी पहले ही खुद को कांग्रेस से अलग कर चुकी है। गठबंधन के कई दल पहले से कांग्रेस के नेतृत्व पर सवाल उठाते रहे हैं।

झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले सत्तारूढ़ गठबंधन के प्रमुख सहयोगी दलों, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और कांग्रेस के बीच टकराव खुलकर सामने आ गया है। कांग्रेस द्वारा राज्यसभा की एक सीट के लिए प्रणव झा को उम्मीदवार घोषित किए जाने के कुछ घंटों बाद ही JMM ने दोनों सीटों पर अपना दावा ठोक दिया।

JMM की बैठक में क्या हुआ?

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई पार्टी विधायकों की बैठक में सर्वसम्मति से दोनों सीटों पर JMM प्रत्याशी उतारने का प्रस्ताव पारित किया गया। पार्टी नेताओं का कहना है कि राज्य की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत होने के नाते दोनों सीटों पर उनका स्वाभाविक अधिकार है। इस घटनाक्रम ने INDIA गठबंधन के भीतर चल रहे मतभेदों को सार्वजनिक कर दिया है। अब सभी की नजरें हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हैं।

दोनों सीटों पर JMM ने ठोंका दावा

उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के नामों की घोषणा 8 जून से पहले कर दी जाएगी। झामुमो नेताओं ने कहा कि राज्य में सबसे बड़े राजनीतिक दल होने के नाते दोनों सीटों पर पार्टी का स्वाभाविक दावा बनता है। झामुमो का यह रुख ऐसे समय सामने आया है, जब कांग्रेस ने गुरुवार देर रात एआईसीसी सचिव और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के राजनीतिक सलाहकार प्रणव झा को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया था।

Rahul Gandhi With Hemant Soren
फाइल फोटो (Image- Social Media)

कांग्रेस की घोषणा के बाद यह माना जा रहा था कि गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है, लेकिन झामुमो की बैठक के फैसले ने इस धारणा को पलट दिया है। इसके साथ ही गठबंधन के भीतर लंबे समय से चल रही खींचतान और मतभेद अब सार्वजनिक रूप से सामने आ गए हैं। इसके पहले गुरुवार देर रात कांग्रेस ने प्रणव झा को झारखंड से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया था। उम्मीदवार की घोषणा से दो दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत की थी।

गठबंधन के अंदर मतभेद

इसके अलावा कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने भी हाल के दिनों में रांची पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी और राज्यसभा की एक सीट कांग्रेस को देने का आग्रह किया था। इसके बावजूद अब झामुमो द्वारा दोनों सीटों पर दावा ठोक दिए जाने से सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर का मतभेद खुलकर उजागर हो गया है।

गठबंधन के पास दो सीटें जीतने का मौका

झारखंड विधानसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन के पास दोनों सीटें जीतने लायक पर्याप्त संख्या बल है, लेकिन उम्मीदवारों को लेकर पैदा हुआ यह गतिरोध अब गठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े कर रहा है। कांग्रेस जहां अपने उम्मीदवार की घोषणा के बाद पीछे हटने के संकेत नहीं दे रही, वहीं झामुमो भी दोनों सीटों पर अपनी दावेदारी छोड़ने के मूड में नहीं दिख रहा। नामांकन प्रक्रिया के बीच दोनों सहयोगी दलों के बीच बढ़ी यह खींचतान राज्य की राजनीति का सबसे बड़ा घटनाक्रम बन गई है और अब निगाहें हेमंत सोरेन तथा कांग्रेस नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हैं। -एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live
navbharatlive.com