एक और प्लेन क्रैश में वायुसेना के दो पायलट शहीद, एयरफोर्स ने दिए जांच के आदेश

राजस्थान के चूरू ज़िले में इंडियन एयरफोर्स का जगुआर ट्रेनर प्लेन हादसे का शिकार हो गया। इसमें विमान में सवार दोनों पायलटों की जान चली गई है। मामले की जांच के लिए वायुसेना के द्वारा आदेश दिया गया।
चूरू में वायुसेना का जगुआर विमान क्रैश: दो पायलट शहीद, तीसरे हादसे से बढ़ी चिंता
प्लेन क्रैश में वायुसेना के दोनों पायलट शहीद (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

चूरू: राजस्थान के चूरू ज़िले में एक दर्दनाक हादसे में इंडियन एयरफोर्स का जगुआर ट्रेनर विमान ट्रेनिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। विमान के गिरने से जोरदार धमाका हुआ और धुएं व आग की लपटें उठने लगीं। यह पिछले पांच महीनों में जगुआर विमान का तीसरा बड़ा हादसा है, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं।

हादसा दोपहर करीब 1:25 बजे हुआ, जब विमान चूरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र में खेतों में गिरा। स्थानीय लोगों ने एक जोरदार धमाके की आवाज सुनी और फिर धुएं के गुबार देखे। मौके पर पुलिस, दमकल और राहत टीमें पहुंचीं। जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने घटनास्थल पर मोर्चा संभाला। वायुसेना ने घटना की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं और शोक संतप्त परिवारों के साथ अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।

चश्मदीद बोले- अचानक हुआ धमाका, खेत में लगी आग

गांववालों के मुताबिक, एक जोरदार आवाज सुनाई दी और कुछ ही पलों में खेतों में आग लग गई। विमान का मलबा खेतों में दूर-दूर तक फैला हुआ मिला और मानव अंग भी क्षत-विक्षत अवस्था में थे। ग्रामीणों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की और प्रशासन को सूचना दी। हादसे की गंभीरता को देखते हुए सेना और एयरफोर्स की टीमें भी राहत कार्य में जुट गईं। एयरफोर्स ने कहा कि यह ट्रेनिंग उड़ान थी, लेकिन जांच के बाद ही असली कारण सामने आ पाएगा।

पांच महीने में तीसरा जगुआर हादसा, बढ़ी चिंता

इस हादसे से पहले 7 मार्च को अंबाला में और 2 अप्रैल को गुजरात के जामनगर में जगुआर ट्रेनर विमान क्रैश हुआ था। अंबाला में पायलट बाल-बाल बच गया था, लेकिन जामनगर में एक पायलट की जान चली गई थी। अब चूरू हादसे में दो पायलटों की जान जाने से वायुसेना की सुरक्षा प्रणालियों और ट्रेनिंग विमान की तकनीकी स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि पुराने विमान बेड़े की स्थिति पर गंभीर समीक्षा जरूरी है।

यह भी पढ़ें:

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस घटना पर दुख जताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और राहत-बचाव कार्यों में तेजी लाई जा रही है। एयरफोर्स ने भी अपने आधिकारिक X हैंडल से शहीद पायलटों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि वह परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। हादसे की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही तकनीकी या मानवीय चूक की पुष्टि हो सकेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com