Masoud Pezeshkian Message To America And Israel: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने शुक्रवार को नई दिल्ली में अमेरिका और इज़राइल को स्पष्ट मैसेज दिया है। पेजेशकियन ने कहा कि ईरान "धौंस" या "अहंकार" के आगे नहीं झुकेगा और अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करता रहेगा। मिडिल ईस्ट में फिर से शुरू हुए तनाव के बीच अमेरिका और इज़राइल को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
राष्ट्रपति पेजेशकियन धार्मिक नेताओं, शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों की सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ईरान खाड़ी क्षेत्र में शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन देश के भीतर फूट डालने की विदेशी ताकतों के प्रयास का विरोध करेगा। उन्होंने कहा, "हम दमन के आगे घुटने नहीं टेकेंगे। ईरान इज़राइल और अमेरिका का डटकर मुकाबला कर रहा है।"
राष्ट्रपति पेजेशकियन ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं और धौंस में नहीं आएंगे, और अगर वे हमें दबाने की कोशिश करेंगे, तो हम भी उन्हें करारा जवाब देंगे। दक्षिणी ईरान में एक स्कूल के पास अमेरिका द्वारा किए गए कथित हमले का ज़िक्र करते हुए पेज़ेशकियन ने अमेरिका और इज़राइल पर आम नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
पेजेशकियन ने ईरान में बुनियादी ढांचे, अस्पतालों और आजीविका के साधनों को भी निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "उन्हें लगता है कि ज़रूरी चीज़ों की कमी के कारण लोग हार मान लेंगे, लेकिन ईरान की जनता हार नहीं मानेगी।" उन्होंने अमेरिका और इज़राइल के कामों की तुलना "बिना लगाम के बेकाबू घोड़े की सवारी करने" से की और चेतावनी दी कि इससे आखिरकार उनका "विनाश" होगा।
राष्ट्रपति पेज़ेशकियन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए तीन दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे हैं। इसके पहले दिन उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पश्चिम एशिया की स्थिति और द्विपक्षीय संबंधों पर बातचीत की। मोदी के साथ अपनी बातचीत को "अच्छी बातचीत" बताया है।
ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि इस बातचीत से व्यापार, तकनीकी और संस्कृति के क्षेत्र में बेहतर सहयोग का रास्ता खुलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान इस क्षेत्र में ऊर्जा और भोजन की आपूर्ति में रणनीतिक साझेदार बनने के लिए तैयार है।