

International Day of Yoga: भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने रविवार को सुबह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लिया। इसके साथ ही योग दिवस की बधाई देते हुए लोगों से रोजाना योग करने की अपील की है और साथ ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूरे भारतवासियों को योग के बारे में जागरूक रहने पर भी ध्यान देने को कहा है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि योग व्यायाम के साथ शरीर ही नही बल्कि मन और आत्मा को एकाकार करने वाला विज्ञान है। उन्होंने समस्त योग वासियों के साथ प्रदेश वासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग एक वैश्विक जन-आन्दोलन बन चुका है। स्वस्थ एवं आरोग्य राष्ट्र के निर्माण हेतु हम सभी प्रतिदिन योग करने का संकल्प करते है।
बता दें, कि हरियाणा के मु्ख्यमंत्री नायब सैनी ने भी अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि योग भारत का प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का एक अमूल्य ज्ञान है। प्रधानमंत्री मोदी के अथक प्रयासों से योग को एक नई पहचान मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि आइए, हम सब मिलकर आज नियमित रूप से योग करने का प्रण लेते है। साथ ही स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण के इस कार्य में अपना योगदान दें।
रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी अपनी पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है। जिसने आज पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। आज करोड़ों लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना कर स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने एक्स पर लिखा कि योग हमारी प्राचीन ऋषि-मुनि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसने सदियों से मानव जीवन को स्वास्थ्य, संतुलन और आध्यात्मिक चेतना का मार्ग दिखाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सतत प्रयासों से आज योग विश्वभर में मानव कल्याण का संदेश दे रहा है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट किया कि समस्त दिल्लीवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। योग हमारी प्राचीन संस्कृति का अनुपम उपहार है। यह शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। व्यस्त दिनचर्या में योग आत्मिक शांति एवं उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करता है। आज के दिन योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लें। स्वस्थ, सशक्त एवं खुशहाल दिल्ली के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। योग करें, निरोग रहें।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा कि समस्त प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। योग भारत की महान सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। यह केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली एक संपूर्ण जीवनशैली है। नियमित योग अभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सशक्त, मानसिक रूप से शांत और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करता है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में संयुक्त राष्ट्र संघ के माध्यम से पूरी दुनिया में योग को पहुंचाया है।करोड़ों लोग योग को अपनाकर स्वस्थ और संतुलित जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
आइए हम सभी यह संकल्प लें कि योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों और मार्गदर्शन से भारत की यह प्राचीन परंपरा वैश्विक स्तर पर एक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है।