

Today Weather Update: देशभर में इस समय मॉनसून पूरी रफ्तार में है। मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ राज्यों में लगातार बारिश से हालात बिगड़ रहे हैं, जबकि कई जगहों पर उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने से राजधानी में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। उधर, मुंबई में बारिश थमने का नाम ही नहीं ले रही। पहाड़ी राज्यों में मौसम विभाग ने भारी बारिश के साथ भूस्खलन की भी चेतावनी दी है। आइए जानते हैं, आज आपके राज्य का मौसम कैसा रहने वाला है।
दिल्ली-NCR में आज हल्की बारिश होने के आसार हैं, लेकिन बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंच गया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का जोखिम बढ़ गया है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क और सावधान रहने की हिदायत दी है।
उत्तर प्रदेश फिलहाल भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3–4 दिनों तक भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे हालात में पारा और चढ़ सकता है और उमस भी बनी रहेगी। लखनऊ, वाराणसी और कानपुर जैसे बड़े शहरों में गर्मी का असर और ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
अगले दो दिनों तक बिहार में भीषण गर्मी का असर जारी रहेगा। हालांकि, 22 से 25 अगस्त के बीच प्रदेश में जोरदार बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। इस बीच पश्चिमी चंपारण, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और खुले इलाकों से दूरी बनाए रखें।
मुंबई और महाराष्ट्र के कई शहरों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में जलभराव से ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ गई है और स्कूलों में छुट्टी करनी पड़ी है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और पालघर में रेड अलर्ट घोषित किया है। वहीं, उपनगरीय ट्रेन सेवाओं पर भी इसका असर पड़ रहा है।
गुजरात के सूरत, नवसारी और वलसाड जिलों में आज भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 19 और 20 अगस्त के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बरसात से नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है, जिसके चलते बाढ़ जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने राहत व बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी और कुल्लू जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की जा रही हैं। पहाड़ी मार्गों से सफर करने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तराखंड के देहरादून, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे पहाड़ी जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।