

India Weather Update: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम के पहाड़ी इलाकों और मैदानी क्षेत्रों में सोमवार को आंधी-तूफान जारी रहा। आंधी-बारिश से मौसम सुहाना हो गया। गर्मी से लोगों को राहत भी मिली। इस दौरान उत्तर-भारत में कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी-बारिश तो कुछ जगहों जैसे दिल्ली के आसपास आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई।
बदले मौसम से बढ़े तापमान में गिरावट आया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग द्वारा जारी सूचना के मुताबिक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी हिस्सों में मंगलवार को कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई। विभाग ने इलाके में 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और ओले गिरने की संभावना बताई है।
हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड और तेलंगाना में ओलावृष्टि देखने को मिली। उत्तर भारत के अन्य राज्यों जैसे हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि देखने को मिली। उत्तर प्रदेश पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर 11-20 सेमी तक बारिश भी दर्ज की गई है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में 60-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं।
देश के अन्य राज्यों-पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और ओडिशा, सिक्किम, त्रिपुरा, पुडुचेरी, तमिलनाडु के साथ तटीय राज्यों जैसे- आंध्र प्रदेश और यनम में कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फरबाद और हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 6 मई तक और उत्तराखंड में 8 मई तक गरज के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। साथ ही बिजली कड़क के साथ 30-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
देश में हुए मौसम बदलाव से तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई। इस दौरान बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी बंगाल के गंगा किनारे वाले इलाकों, उप-हिमालयी क्षेत्रों के साथ सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी हिमालय हिस्से में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से कम देखा गया।
मध्य भारत में विदर्भ, तटीय राज्य आंध्र प्रदेश, और राजस्थान में अधिकतम तापमान 36-40 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। इस दौरान सबसे ज्यादा तापमान तेलंगाना राज्य के आदिलाबाद में 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।